MP Road Accident: मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से सड़क हादसे की दिल दहलाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। 2 जिलों में 2 लोगों की मौत तो वहीं एक जगह ड्राइवर के घायल होने की जानकारी है। 

विवाह समारोह में आए युवक को ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत

शरद पाठक, छिंदवाड़ा/ जुन्नारदेव। नगर के श्रद्धा लॉन के सामने शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विवाह समारोह में शामिल होने आए एक अज्ञात युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर तामिया मार्ग की ओर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रहे युवक को वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक की तलाश प्रारंभ कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।

शहडोल के NH-43 पर हिट एंड रन का कहर, कुलपति के ड्राइवर को कुचलकर भागा ट्रेलर चालक, हाईवे पर फूटा लोगों का गुस्सा

अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में हिट एंड रन का एक खौफनाक मामला सामने आया है। जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति के ड्राइवर को कुचल दिया, टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। 

हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे-43 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। जिससे घंटों यातायात प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में आक्रोश और मातम का माहौल है।

पूरा मामला बुढार थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर के पास नेशनल हाईवे-43 का है। बताया जा रहा है कि कुलपति के ड्राइवर मुकेश यादव देर रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर चालक टक्कर मारने के बाद भी नहीं रुका और मुकेश यादव को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया। 

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और नेशनल हाईवे-43 पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों यातायात पूरी तरह बाधित रहा। 

सूचना पर बुढार पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे,काफी देर तक समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और जाम हटाया जा सका, फिलहाल पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

इछावर में एंबुलेंस और ट्रक की टक्कर

अनिल मालवीय, इछावर। इछावर-सीहोर स्टेट हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के मुताबिक  इछावर के दो पुलिया जोड़ के बीच 108 एम्बुलेंस और मालवा ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच बताया जा रहा है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 108 एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। 

अक्सर देखा जाता है कि 108 वाहन चालक बिना कैसे मरीज के भी तेज रफ्तार से सायरन बजाते हुए गुजरते रहते हैं साथ ही यह इन वाहनों से अपने निजी कार्य ज्यादा करते हैं और इसी कारण जब भी एंबुलेंस को फोन करते हैं वह समय पर नहीं पहुंचती है। 

सबसे बड़ा सवाल उस समय खड़ा हुआ जब घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए दूसरी 108 एम्बुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन करीब एक घंटे तक कोई एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। समय पर सहायता नहीं मिलने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को वजह माना जा रहा है। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m