रांची। झारखंड में मानसून की बारिश ने सामान्य आंकड़े को पार कर लिया है। 1 जून से 2 सितंबर तक राज्य में 818.4 MM बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 815.6 MM होती है। राजधानी रांची में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी ऊपर है। यहां अब तक 980.2 MM बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से करीब 18 प्रतिशत अधिक है।

बारिश से मिली राहत, लेकिन खतरा टला नहीं

लगातार बारिश के बीच बुधवार को राज्य के कई इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहा। रांची में भी लोगों को लगातार बारिश से राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि बारिश का दौर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तर प्रदेश और ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते बारिश की गतिविधियों में फिलहाल कमी आई है, लेकिन कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

गढ़वा-पलामू समेत 4 जिलों में भारी बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र ने गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे।कुछ इलाकों में दोपहर बाद हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

अगले तीन दिन बढ़ेगा तापमान

बारिश की गतिविधियों में कमी के साथ राज्य के तापमान में भी बढ़ोतरी के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।यानी आने वाले दिनों में बारिश से राहत के साथ उमस और गर्मी का असर भी बढ़ सकता है।

कांके में 220 MM बारिश, जगन्नाथपुर में सबसे ज्यादा वर्षा

पिछले 24 घंटे में कांके में 220 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। बुधवार को जगन्नाथपुर में सबसे ज्यादा 11 MM बारिश हुई।रांची में 1 MM, जमशेदपुर में 0.2 MM और हजारीबाग में 2.5 MM बारिश दर्ज की गई।

रांची का तापमान 26.7 डिग्री पहुंचा

बारिश में कमी के साथ रांची के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 1.1 डिग्री अधिक है। हालांकि न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की कमी दर्ज की गई।

अन्य शहरों में भी तापमान बढ़ा। जमशेदपुर में 1.1 डिग्री, मेदिनीनगर में 1.2 डिग्री, बोकारो में 0.4 डिग्री और चाईबासा में 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।

झारखंड में इस बार अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश

मानसून सीजन में राज्य के कुल बारिश के आंकड़े ने सामान्य स्तर को पार कर लिया है। वहीं रांची में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज होने से साफ है कि राजधानी में इस बार मानसून काफी सक्रिय रहा है। हालांकि अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता कम होने के साथ तापमान बढ़ने का अनुमान है।