अशोक कुमार जायसवाल ,चंदौली। जिले में तेज रफ्तार और स्टंटबाजी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल इंटर कॉलेज के समीप दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे की चपेट में परीक्षा देने जा रहीं तीन छात्राएं आ गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में तीनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गई।

स्टंटबाजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल चंदौली में भर्ती कराया। हादसे के कारण तीनों छात्राएं अपनी परीक्षा नहीं दे सकीं, जिससे परिजन काफी व्यथित नजर आए।अस्पताल में मौजूद घायल छात्रा अंजलि के परिजनों ने बताया कि बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए आ रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। परिजनों ने बाइकर्स की लापरवाही और स्टंटबाजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

READ MORE: कहां खाक छान रहे जिम्मेदार? दर्जनों बंदरों के झुंड का आतंक, घरों से निकलने में डर रहे लोग, शिकायत के बाद भी सिस्टम बेसुध

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सदर देवेंद्र कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर दोषी बाइक सवारों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्राओं का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर बढ़ती लापरवाही और स्टंटबाजी पर सवाल खड़े करता है।