T20 World Cup 2026 : क्रिकेट में 40 साल की उम्र संन्यास वाली होती है. क्रिकेटर 35 के बाद रिटायरमेंट ले लेते हैं, लेकिन 5 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टी20 विश्व कप 2026 में जलवा दिखाने उतरेंगे. इनके पास टी20 क्रिकेट का अच्छा-खासा अनुभव है और वो कई दफा अपनी टीमों को मैच जिता चुके हैं.

T20 World Cup 2026: क्रिकेट का टी20 फॉर्मेट बल्लेबाजों का गेम कहलाता है, जहां खिलाड़ी पहली बॉल से चौके-छक्कों की बारिश करते हैं. इस फॉर्मेट में दुनिया भर की टीमें अब ज्यादा से ज्यादा युवा खिलाड़ियों को शामिल करने पर जोर देती हैं, ताकि वो मैदान पर आते ही पूरी फुर्ती के साथ तबाही मचा सकें, लेकिन टी20 विश्व कप 2026 में 5 ऐसे धुरंधर भी उतरेंगे, जो सबसे उम्रदराज हैं. इनमें से अधिकतर खिलाड़ी 40 साल की उम्र पार कर चुके हैं, लेकिन उनके खेल में अब भी युवाओं जैसा जोश और जुनून है. मैदान पर आते ही ये खिलाड़ी अकेले के दम पर टीम को जिताने का माद्दा रखते हैं.

दरअसल, भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर 7 फरवरी से टी20 विश्व कप 2026 का आगाज होने जा रहा है. कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इन 20 टीमों में कई सीनियर खिलाड़ी हैं. हम आपके लिए उन 5 बूढ़े शेरों के बारे में बता रहे हैं, जो इस बार मैदान पर दहाड़ते दिखेंगे. टीमों ने 40 की उम्र पार करने के बाद भी इन खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है.

  1. मोहम्मद नदीम

टी20 विश्व कप 2026 में सबसे उम्रदराज अगर कोई खिलाड़ी है तो वो मोहम्मद नदीम ही हैं, जो ओमान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हैं. 43 साल के नदीम का जन्म 4 सितंबर 1982 को हुआ था. 2015 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले नदीम ने अब तक 42 वनडे मैचों में 862 रन बनाने के साथ 21 विकेट भी लिए हैं. टी20 इंटरनेशनल के 61 मैचों में 641 रन बनाने के साथ उनके नाम 34 विकेट दर्ज हैं.

  1. वेन मैडसन

इस लिस्ट में दूसरा नाम वेन मैडसन का है, जो इटली टीम के लिए खेलेंगे. वो कप्तानी भी करेंगे. ये वही मैडसन हैं, जो साउथ अफ्रीका के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी खेल चुके हैं. मैडसन जन्मे तो साउथ अफ्रीका में थे, लेकिन वो खेले इंग्लैंड के लिए. काउंटी क्रिकेट में उनका नाम है. फर्स्ट क्लास के 253 मैचों में 17,067 रन बना चुके हैं. ये खिलाड़ी तूफानी बैटिंग के लिए पहचाना जाता है. अब देखना होगा वो इटली के लिए कैसा प्रदर्शन करते हैं.

  1. मोहम्मद नबी

इस लिस्ट में तीसरा नाम अफगानिस्तान के सीनियर ऑलराउंडर मोहम्मद नबी का है, जो पिछले कई सालों से अफगान टीम के लिए मैच विनर बने हुए हैं. अब 41 साल के नबी एक बार फिर अपनी टीम को खिताब दिलाने की पूरी कोशिश करेंगे. उनके नाम अफगान टीम के लिए 148 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2430 रन दर्ज हैं. गेंद से 104 विकेट भी निकाले हैं. नबी के पास मैच फिनिश करने की जबरदस्त क्षमता है.

  1. रोएलॉफ वैन डेर मेरवे

बाएं हाथ का ये दिग्गज लेफ्ट आर्म स्पिनर सटीक बॉलिंग के लिए पहचान रखता है. वो बल्ले से भी बढ़िया प्रदर्शन करते हैं. 41 साल के मेरवे ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 67 मैच खेले और 561 रन बनाने के साथ 74 विकेट भी निकाले. ये बॉलर स्टंप-टू-स्टंप बॉलिंग करता है और बल्लेबाजों को गैप नहीं देता. जरा-सी गलती करने पर बल्लेबाज विकेट गंवा बैठते हैं.

  1. ब्रैंडन टेलर

इस लिस्ट में 5वें नंबर पर ब्रैंडन टेलर का नाम है, जो जिम्बाब्वे से आते हैं. वो इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 2007 में टी20 विश्व कप खेला था और अब 2026 में भी जलवा दिखाएंगे. वो 5वीं बार अपनी टीम के लिए इस मेगा इवेंट में उतर रहे हैं. 39 साल के टेलर छह फरवरी को 40 साल के हो जाएंगे. अपने करियर में इस विकेटकीपर बैटर ने 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर 1185 रन बनाए हैं.