सोहराब आलम/ मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। जिले में पुलिस ने देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। छतौनी थाना क्षेत्र के छोटा बरियारपुर स्थित चीनी मिल के पास पुलिस ने छापेमारी कर इस धंधे का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से चार महिलाओं और दो पुरुष दलालों को हिरासत में लिया है।
गुप्त सूचना पर आईपीएस के नेतृत्व में कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन की शुरुआत प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका को मिली एक लिखित शिकायत से हुई। आवेदन में बताया गया था कि सोना मती मंदिर के पास एक झोपड़ी नुमा मकान में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पूरी गोपनीयता बरतते हुए संदिग्ध ठिकाने पर अचानक धावा बोल दिया।
नकदी और स्कैनर मशीन बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री मिली है। बरामद सामानों में नकद राशि, कई आधार कार्ड, एक स्कैनर मशीन और कथित तौर पर शक्तिवर्धक दवाएं शामिल हैं। पुलिस के लिए सबसे चौंकाने वाली बात स्कैनर मशीन और कई आधार कार्डों का मिलना है। अधिकारियों को अंदेशा है कि सेक्स रैकेट की आड़ में कहीं पहचान बदलकर किसी बड़े फर्जीवाड़े या धोखाधड़ी को तो अंजाम नहीं दिया जा रहा था।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पकड़े गए सभी आरोपियों को थाने लाकर गहन पूछताछ की जा रही है। प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह ने बताया कि पुलिस इस रैकेट के मुख्य सरगना और अन्य जुड़े हुए लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


