खैरागढ़। जिले में किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ने और उनका लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 16 से 27 फरवरी तक सभी ग्राम पंचायतों में कृषि चौपाल आयोजित की जाएगी.

यह भी पढ़ें : Mahashivratri 2026 : व्रत के लिए इस बार मीठे में बनाएं स्वादिष्ट साबूदाना रसमलाई, यहां देखें रेसिपी…

जिला प्रशासन के निर्देशन में कृषि विभाग द्वारा किए जा रहे आयोजन के जरिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा. साथ ही पात्र लेकिन अपंजीकृत किसानों का सत्यापन कर उनका नया पंजीयन कराया जाएगा.

इस योजना के तहत योग्य कृषक परिवारों को कृषि कार्यों के लिए प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाती है. उप संचालक कृषि राजकुमार सॉलकी ने बताया कि जिले के 64 हजार 664 किसान वर्तमान में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं.

संगीत विश्वविद्यालय में पुरालिपि एवं पुरालेख अध्ययन विषय पर कार्यशाला 16 से

खैरागढ़। राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय के रवीन्द्र बहादुर संग्रहालय में कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा के संरक्षण तथा संस्कृति विभाग छ.ग. शासन के सहयोग से सात दिवसीय कार्यशाला आयोजित है. उक्त कार्यशाला के ब्रोशर का विमोचन कुलपति के द्वारा किया गया. इस दौरान अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. राजन यादव व संग्रहालय अध्यक्ष डॉ. आशुतोष चौरे उपस्थित रहे.

पुरालिपि एवं पुरालेख अध्ययन विषय पर 16 से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित सात दिवसीय कार्यशाला के निदेशक प्रो. (डॉ.) राजन यादव अधिष्ठाता कला संकाय हैं. विषय विशेषज्ञ के रूप में डॉ. टी. एस. रविशंकर भूतपूर्व निदेशक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण मैसूर उपस्थित होंगे. परामर्श मंडल में कुलसचिव, वित्त अधिकारी हैं तथा कार्यक्रम के संयोजक डॉ. आशुतोष चौरे संग्रहालय अध्यक्ष हैं.

आयोजन समिति में सह- प्राध्यापक हिन्दी विभाग डॉ. देवमाईत मिंज, सहायक प्राध्यापकगण डॉ. पूर्णिमा केलकर संस्कृत विभाग, डॉ. रविनारायण गुप्ता ग्राफिक्स विभाग, डॉ. छगेन्द्र उसेंडी मूर्तिकला विभाग, कपिल सिंह वर्मा कला का इतिहास विभाग, डॉ. कौस्तुभ रंजन अंग्रेजी विभाग, संदीप किंडो चित्रकला विभाग, डॉ. प्रबोध गुप्ता प्रभारी कम्प्यूटर केन्द्र, डॉ. अजय पाण्डे योग अनुदेशक व प्रखर शरण सिंह म्यूजियम गाइड हैं.

यह कार्यशाला शिक्षकों, इतिहासकारों, भाषाविदों एवं विद्यार्थियों के लिये बहु उपयोगी सिद्ध होगा. इस कार्यशाला में लगभग 2500 वर्ष पूर्व से लेकर 12वीं शती ईस्वी तक की भाषा एवं लिपियों को सीखना अपने आप में गौरव का विषय है. कार्यशाला के संबंध में अधिक जानकारी हेतु डॉ. आशुतोष चौरे संयोजक व प्रखर शरण सिंह समिति सदस्य से संपर्क किया जा सकता है.

बाजार से आधे दर पर मिलेगा पीएम आवास के मकान

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् किराएदारों को बड़े पैमाने पर पीएम आवास के मकान आबंटित किए जाएंगे. शहर के मोहारा, लखोली, पेंड्री व रेवाडीह वार्ड में 1427 मकान बनाए गए है. इन मकानों में से करीब पांच सौ मकान बिक चुके है. वहीं शेष मकानों को बाजार से आधे दर पर बेचने की तैयारी है.

नगर निगम द्वारा मोहारा, लखोली रेवाडीह व पेंड्री में करीब चार सौ फूट मे एनबीएचके मकान बनाए गए है. इसकी बाजार कीमत ही छह लाख रूपए से अधिक है. लेकिन निगम द्वारा आधे दर पर मकान आबंटित किया जा रहा है. अफसर ने बताया कि, व्यवस्थापन के तहत इ इलाको में 386 लोगों को मकान में शिफ कराया जा चुका है, वहीx 236 मकान किराएदारों को आबंटित किया जा चुका है.

मोर मकान मोर आस योजनान्तर्गत लॉटर के अफसरों ने बताया कि, किफायती दरों में आवास के लागत मूल्य पर वर्षों से किरायेदारों के रूप में निवासरत परिवार का अब सपना मकान मिलेगा. नगर निगम‍ सीमाक्षेत्र में सुविधायुक्त 1427 बहु मंजिला आवास तैयार है. इसमें लखोल पेण्ड्री, मोहारा, रेवाड़ीह आदि स्थानों में पूर्ण रूप से निर्मित किया है एवं 503 आवास विभिन्न स्तरों पर निर्माणाधीन है.

इन इलाकों में इतने मकान उपलब्ध : दावा आपत्ति उपरांत 834 पात्र आवेदक में से परियोजना अनुरूप राशि जमा करने के उपरांत लॉटरी के माध्यम से आवास का आबंटन किया जाना हैं. रेवाड़ीह मोहारा 340 यूनिट की राशि 2,67,971 रुपये निर्धारित है. निकाय अंतर्गत निर्माणाधीन आवास 272 यूनिट लखोली में 2,74,044 रू. 258 यूनिट रेवाडीह, पेण्ड्री में 2,91,027 रू. 870 यूनिट पेण्ड्री एवं मोहारा में 2.80, 115 रू. निर्धारित है.

दस किस्तों में दे सकेंगे मकान की पूरी राशि : नगर निगम से प्राप्त जानकारी अनुसार, मकान के लिए हितग्राही कही पर भी मकान नही होना चाहिए और सालाना इनकम तीन लाख से कम होना चाहिए. मकान आबंटन के पहले पूरी राशि का दस फीसदी एकमुश्त जमा करना होगा. जबकि शेष राशि दस किस्तों में जमा कर सकेंगे.

पाताल भैरवी मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर होगा रुद्राभिषेक

राजनांदगांव। मानव सेवा एवं जनकल्याण के लिए अंचल सहित देशभर में पहचान बना चुकी बर्फानी सेवाश्रम समिति द्वारा हिन्दू पंचांग के अनुसार 15 फरवरी रविवार को भगवान भोलेनाथ की महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर मां पाताल भैरवी सिद्धपीठ स्थित विश्व के सबसे बड़े ज्योर्तिलिंग में विराजमान द्वादश ज्योर्तिलिंगों के साथ विशाल स्फटिक के पातालेश्वर महादेव व पारे के भव्य पारेशवर ज्योतिर्लिंग का महारुद्रा अभिषेक रात्रि 10 बजे से आयोजित किया गया है. जिसमें श्रद्धालुगण भी हिस्सा ले सकते हैं.

संस्था के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ‘गन्नू’ ने बताया कि अखिल भारतीय चर्तुः सम्प्रदाय के पूर्व श्रीमहंत श्रीश्री 1011 योगाधिराज ब्रम्हर्षि बर्फानी दादा जी के आशीर्वाद व मार्गदर्शन से नगर में बर्फानी आश्रम स्थित मां पाताल भैरवी राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी दस महाविद्या द्वादश ज्योर्तिलिंग शिव शक्ति सिद्धपीठ स्थापित किया गया है. जिसमें वर्षभर जनकल्याण व मानस सेवा के साथ ही समय समय पर विभिन्न पर्वो पर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जाता है.

शहर में बनाए गए डेढ़ सौ से अधिक दुकान आरक्षण की वजह से हो रहे जर्जर

राजनांदगांव। शहर में शासन की विभिन्न योजना के तहत लाखों रूपए खर्च कर दुकाने बनाए गए हैं. जिसमें करीब डेढ़ सौ दुकानों का अब तक आबंटन नहीं हो पाया है. अफसरों की माने तो आरक्षण के कारण जो जरूरतमंद है, उन्हें मकान नहीं मिल पा रहा है. हालात यह है कि आबंटन नहीं होने के कारण कई दुकान जर्जर हो रहे हैं.

विगत दिनों नगरनिगम द्वारा नया बस स्टैंड और भैंसाकोठा के कुछ दुकानों पर कार्यवाही की गई थी. जबकि शहर में सैकड़ों दुकान अभी भी जर्जर हालात में हैं. इन दुकानों का हर माह किराया निगम को नही मिल रहा है. नीलामी होने के बाद दुकानों का आबंटन तो कर दिया गया है.

लेकिन जिन्होंने दुकान ली है, वे निगम से अनुबंध नही कर रहे है. जिसके कारण निगम को हर माह लाखों रूपए का नुकसान हो रहा है. वर्ष 2016 से निगम को तीन करोड़ से अधिक की अनुबंधित राशि वसूलनी है. जबकि इन दुकानों से निगम को फूटी कौड़ी नही मिल रही हैं.

इस वजह से 122 दुकानों की नीलामी नहीं : हाईटेक बस स्टैंड की 25 दुकान आबंटित नही हुई है. जिसे लेकर निगम का कहना है कि, आवेदन पत्र प्राप्त नहीं होने के कारण नीलामी नही की जा सकी. पुराने बस स्टैण्ड से नये बस स्टैण्ड में व्यवस्थापन न हो पाने के कारण मार्केट विकसित नहीं हो पाया इसलिये दुकाने विकसित नहीं हो पा रही है.

इसके अलावा टांकाघर की सात दुकानों को लेकर कहना है कि, आवेदन पत्र प्राप्त नहीं होने के कारण नीलामी नही की जा सकी. रेल्वे स्टेशन रोड के पास बनी दुकान में पर्याप्त मात्रा में आवेदन प्राप्त न होने के कारण प्रतिस्पर्धा के अभाव में नीलामी नहीं हो पायी है. सुभाष द्वार व्यवसायिक परिसर के 6 दुकानों मार्ग संकरा होने के कारण दुकाने आबंटित नही हुई है.

गंज चौक में बने 46 दुकान वर्षाकाल में जलभराव की स्थिती निर्मित होने और भैंसाकोठा के पास बने 17 दुकानों की नीलामी नही हुई हैं, पूर्व में इसके लिए आवेदन नही आने बताया जा रहा है. महावीर चौक के पास बने दुकान को लेकर भूमि अधिपत्य प्राप्त नही होना कारण बताया गया है.

यहां बनाए गए इतने दुकानें : जानकारी के अनुसार, नगरनिगम द्वारा हाईटेक बस स्टैंड वार्ड सोलह में 38 दुकाने बनाई गई है. यहां पांच करोड़ की लागत से हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण वर्ष 2016 में किया गया है. इसके आलावा रेल्वे स्टेशन रोड़ पुराना सफाई कार्यालय में 19 दुकाने, नया बस स्टैंड में ही दूसरी ओर प्रतीक्षा स्टैंड में 27 दुकान, टांकाघर के सामने वार्ड 14 में 50 दुकान, सुभाष नगर के पास 12 दुकान, गंज चौक के पास 46 दुकान, बसंतपुर थाने के पीछे भैंसा कोठा में 17 और महावीर चौक हाईवे किनारे 12 दुकाने बनी है. इसमें से अब तक कई दुकानों का आबंटन नहीं हुआ है.

हाट बाजार की 14 दुकानों को किया गया सील

राजनांदगांव। वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लिए नगर निगम राजस्व वसूली में कडाई बरत रही है. जिसके लिए जहाँ दुकानो की बकाया प्रीमियम तथा दुकान किराया पर संबंधित को नोटिस जारी कर सीलबंदी की कार्यवाही कर रही है.
वहीं सम्पत्तिकर, जलकर, समेकितकर के बड़े बकायादारों को भी नोटिस जारी कर भुगतान नही करने की स्थिति में नल कनेक्शन काटने की कार्यवाही की जाएगी.

कार्यवाही की कड़ी में आज हाट बाजार व्यवसायिक परिसर के प्रथम तल की 14 दुकानें, जिनकी बकाया प्रीमियम को देखते हुए सील करने की कार्यवाही की गई. वित्तीय वर्ष समाप्ति के अंतिम माह में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिये निगम द्वारा जोर दिया जा रहा है, निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, राजस्व विभाग की प्रतिदिन मानिटरिंग कर रहे है और शत-प्रतिशत वसूली के लिए बकायादारो को नोटिस जारी कर कार्यवाही के निर्देश दे रहे है.

निर्देश के अनुक्रम में राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में निगम का अमला बड़े बकायादारो को नोटिस जारी कर बकाया करों का भुगतान नही करने की स्थिति में कार्यवाही कर रहा है.

मतदाता सूची से से नाम विलोपित भड़के कांग्रेसी, थाने में सौंपा ज्ञापन

राजनांदगांव। शहर के राजेंद्र प्रसाद वार्ड में मतदाता सूची से नाम विलोपित करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने चिखली थाने में कार्यवाही करने ज्ञापन दिया गया है. कांग्रेसियों ने आरोप लगाया है कि, फार्म-7 के माध्यम से 32 मतदाताओं के नाम गलत जानकारी देकर हटाने के प्रयास किया गया हैं.

आसिफ अली की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल, जिसमें प्रमुख रूप से पूर्व अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष रमेश डाकलिया, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान एवं अमित चंद्रवंशी शामिल थे. चिखली चौकी प्रभारी एवं तहसीलदार को 32 पृष्ठों के ठोस दस्तावेजी साक्ष्य सहित ज्ञापन सौंपकर गलत जानकारी देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत जांच कर अपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई है. प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही का आश्वासन दिया है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H