कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। शहर के पोखरिया पीर से आनंद मार्ग होते हुए कच्ची पक्की तक के इलाके में दशकों से जलजमाव की मार झेल रहे स्थानीय लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा अप्रैल 2025 में शिलान्यास किए गए रोड और नाला निर्माण का कार्य अब धरातल पर शुरू हो गया है। लगभग 1 करोड़ 46 लाख 816 रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
जलजमाव के नरक से मिलेगा छुटकारा
पिछले कई वर्षों से वार्ड 31, 32, 33, 34 और सुस्ता पंचायत के हजारों लोग नारकीय स्थिति में रहने को मजबूर थे। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश और घरों का पानी महीनों तक जमा रहता था। सवा किलोमीटर लंबी इस सड़क और नाले के निर्माण से अब पानी सीधे निकल जाएगा और लोगों को कीचड़ व बदबू से मुक्ति मिलेगी।
ट्रैफिक से राहत और आसान होगा सफर
इस सड़क के बन जाने से न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा होगी, बल्कि यह शहर के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग भी साबित होगा। कच्ची पक्की से शहर के अन्य इलाकों में जाने वाले लोग अब बिना ट्रैफिक जाम में फंसे कम समय में अपनी दूरी तय कर सकेंगे। अनुमान है कि प्रतिदिन लगभग 10,000 लोग इस मार्ग का उपयोग करेंगे।
गुणवत्ता पर नजर
वार्ड पार्षद रूपम कुमारी ने बताया कि यह परियोजना स्थानीय लोगों की पुरानी मांग थी, जिसके पूरा होने से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। वहीं, स्थानीय नागरिक जीवेश कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लोग स्वयं भी निगरानी रख रहे हैं ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी समस्या न आए।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


