Mohammed Siraj knee Injury: टी20 विश्व कप 2026 में सुपर 8 की जंग शुरू हो चुकी है. भारत का पहला मुकाबला 22 फरवरी (रविवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला जाएगा, लेकिन इस मुकाबले से ठीक पहले सूर्या ब्रिगेड को बड़ा झटका लगा है.

Mohammed Siraj knee Injury: 21 फरवरी यानी आज से टी20 विश्व कप 2026 में सुपर 8 की जंग शुरू होने वाली है. 20 में से 8 टीमों ने दूसरे दौर में एंट्री की है. टीम इंडिया के ग्रुप 1 में साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे हैं. भारतीय टीम सुपर 8 में अपना पहला मैच 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी. इस मुकाबले से पहले भारतीय खेमें में खलबली मच चुकी है. ऐसा इसलिए क्योंकि जिस तरह की चोट के चलते हर्षित राणा बाहर हुए थे, ठीक वैसी ही चोट अब टीम इंडिया के मैच विनर मोहम्मद सिराज को लग गई है. ये वही सिराज हैं, जिन्हें हर्षित के बाहर होने के बाद भारतीय टीम में अचानक चुना गया था.

दरअसल, सुपर 8 के पहले मैच के लिए टीम इंडिया अहमदाबाद में पसीना बहा रही है. मैच से ठीक एक दिन पहले यानी 21 फरवरी को अपनी तैयारी में जुटी टीम इंडिया की टेंशन बढ़ गई है, क्योंकि नेट्स में हार्दिक पांड्या के एक तेज शॉट ने मोहम्मद सिराज को चोटिल कर दिया है. अब देखना होगा कि सिराज अगले मैचों में टीम के साथ रह पाते हैं या फिर टीम इंडिया को कोई दूसरा गेंदबाज उनकी जगह तलाश करना पड़ेगा.

कैसे लगी सिराज को चोट?

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज नेट्स में हार्दिक पांड्या को गेंदबाजी कर रहे थे, तभी हार्दिक का एक झन्नाटेदार शॉट उनके घुटने पर लगा. इसके चलते सिराज लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि वह दर्द से कराहते नजर आए. उनकी चोट कितनी गंभीर है, इस बारे में ज्यादा डिटेल्स सामने नहीं आई हैं, लेकिन इतना जरूर है कि जिस तरह प्रैक्टिस मैच में हर्षित को घुटने में समस्या हुई थी और वो लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर हुए थे, उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान यह चोट आई थी और अब सिराज को इसी टीम के खिलाफ मैच से पहले दर्द मिला है.

सुपर 8 में टीम इंडिया को लगभग हर मैच जीतना जरूरी है, ऐसे में सिराज का चोटिल होना टीम इंडिया के लिए चिंता बढ़ाने वाला है. इस एडिशन में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर भी चोटों से जूझकर आए हैं. अब देखना होगा कि सिराज को लेकर बीसीसीआई कोई आधिकारिक जानकारी देता है या नहीं.

टीम इंडिया ने जीते सभी चार मैच

टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा है. उसने ग्रुप स्टेज के सभी चारों मैच जीते हैं. ग्रुप ए में नंबर 1 पर रहते हुए उसने सुपर 8 में जगह पक्की की थी. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में सबसे पहले संयुक्त राज्य अमेरिका (USA), नामीबिया, फिर पाकिस्तान और उसके बाद नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले जीते थे. अब सुपर 8 में वो साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज का सामना करेगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H