Sports News Update: छत्तीसगढ़ के नंबर वन न्यूज़ पोर्टल lalluram.com पर पढ़िए खेल जगत की हर बड़ी और अहम खबर। देश और प्रदेश में बीते दिन मैदान पर क्या रहा खास, किन टीमों ने जीत दर्ज की और किन खिलाड़ियों ने बटोरी सुर्खियां, साथ ही आज होने वाले मुकाबलों और खेल गतिविधियों पर एक नजर। पेश है स्पोर्ट्स की दिनभर की प्रमुख अपडेट।

T20 WC के सुपर-8 स्टेज में खेले जाएंगे 2 मैच

पहले मुकाबले में श्रीलंका-इंग्लैंड की होगी भिड़ंत

टी-20 विश्व कप 2026 सुपर 8 स्टेज में पहुंच गया है। आज टूर्नामेंट के 42वें और सुपर 8 स्टेज के दूसरे मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम का सामना श्रीलंका क्रिकेट टीम से होगा। इंग्लैंड टीम ने अपने ग्रुप स्टेज के 3 मैच जीते थे और एक में शिकस्त झेली। श्रीलंका ने भी ग्रुप स्टेज के 3 मैच जीते थे और एक में हार का सामना किया था। सुपर-8 स्टेज का ये मुकाबला पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में आज दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा।

टी20 विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड का दबदबा

टी20 अंतरराष्ट्रीय में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच अब तक 14 मुकाबले हुए हैं, जिनमें इंग्लैंड ने 10 और श्रीलंका ने 4 मैच जीते हैं। टी20 विश्व कप में दोनों टीमों ने 6 बार आमने-सामने खेला, जिसमें इंग्लैंड ने 5 और श्रीलंका ने केवल 1 (2012) मैच जीता। आखिरी बार 2022 में हुई भिड़ंत में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 4 विकेट से हराया था।

डिफेंडिंग चैंपियन भारत और साउथ अफ्रीका होंगे आमने-सामने

सुपर-8 स्टेज के तीसरे और आज दिन के दूसरे मैच में डिफेंडिंग चैंपियन भारत और पिछले साल की रनर-अप दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में खेले गए 4 मुकाबले जीतकर जगह बनाई, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने भी अपने 4 ग्रुप मैच जीतकर सुपर-8 में प्रवेश किया। ये मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी, विश्व कप में भी दबदबा बरक़रार

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टी-20 मुकाबला 2006 में खेला गया था। अब तक 35 मैचों में भारत ने 21 और दक्षिण अफ्रीका ने 13 मुकाबले जीते हैं, जबकि 1 मैच बेनतीजा रहा। टी-20 में पिछली 7 भिड़ंतों में से 6 में भारत विजयी रहा। विश्व कप में दोनों टीमों के 7 मैचों में आमना-सामना हुआ, जिसमें भारत ने 5 और दक्षिण अफ्रीका ने 2 मुकाबले जीते। 2024 के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

T20 WC 2026 के सुपर-8 स्टेज की रूपरेखा:

सुपर-8 में कुल 12 मैच होंगे। 4-4 टीमों के दो ग्रुप बनाए गए हैं, जहां हर टीम अपने ग्रुप की अन्य टीमों के खिलाफ 3-3 मैच खेलेगी। यानी हर ग्रुप में 6 मैच होंगे और दोनों ग्रुप मिलाकर कुल 12 मुकाबले होंगे। दोनों ग्रुप की टॉप 2-2 टीमें अगले राउंड में प्रवेश करेंगी। सुपर-8 में 22 और 26 फरवरी तथा 1 मार्च को 2-2 मैच होंगे, जबकि 20 से 28 फरवरी के बाकी दिनों में सिर्फ 1-1 मैच खेला जाएगा।

सेमीफाइनल में पहला मैच 4 मार्च और दूसरा 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में होगा। विजेता टीमें 8 मार्च को फाइनल में आमने-सामने होंगी। अगर पाकिस्तान नॉकआउट राउंड में पहुंचती है, तो उसके सभी मैच कोलंबो में खेले जाएंगे।

विमेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप के फाइनल में भारत-बांग्लादेश की होगी भिड़ंत

कप्तान राधा यादव के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से इंडिया-ए ने विमेंस राइजिंग स्टार्स टी20 एशिया कप फाइनल में जगह बनाई है। सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका-ए को 5 विकेट से हराया, जबकि बांग्लादेश-ए ने पाकिस्तान-ए को 54 रनों से मात देकर फाइनल में पहुंचा। आज दोनों टीमें खिताबी मुकाबले में भिड़ेंगी।

महिला टी20: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हराया, 2-1 से जीती सीरीज

एडिलेड। भारतीय महिला टीम ने तीसरे और निर्णायक टी20 में ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। 10 साल बाद ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर भारत की यह ऐतिहासिक द्विपक्षीय सीरीज जीत है।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176/6 का स्कोर बनाया। स्मृति मंधाना (82) और जेमिमा (59) के बीच 121 रन की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया 159/9 तक ही पहुंच सकी। श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने 3-3 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

48 साल के दिग्गज अमेरिकी बॉक्सर मेवेदर ने संन्यास से वापसी का किया ऐलान

न्यूयॉर्क। दिग्गज अमेरिकी बॉक्सर फ्लॉयड मेवेदर( उम्र 48 साल) ने संन्यास से वापसी का ऐलान किया है। 2017 में 50-0 के अजेय रिकॉर्ड के साथ रिटायर होने वाले मेवेदर ने घोषणा की है कि वह फिर से प्रोफेशनल बॉक्सिंग रिंग में उतरेंगे। इससे पहले, मेवेदर 59 वर्षीय माइक टायसन के खिलाफ एक एग्जीबिशन मैच खेलेंगे। उनका आखिरी प्रोफेशनल मैच 2017 में हुआ था।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H