झारखंड के चतरा में हुए एयर एंबुलेंस क्रैश को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं. अब पता चला है कि रांची में सोमवार रात बेहद खराब मौसम के बीच बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से इस एयर एंबुलेंस के अलावा दो और प्लेन ने उड़ान भरी थी. हालांकि ये दोनों फ्लाइट सुरक्षित रूप से लैंड कर गया, जबकि यह एयर एंबुलेंस टेकऑफ के थोड़ी ही देर बाद क्रैश हो गया. हादसे से करीब आठ मिनट पहले इंडिगो की एक फ्लाइट ने रांची से उड़ान भरी थी. इसी दौरान एयर इंडिया का एक विमान भी रांची से रवाना हुआ और कठिन मौसम के बावजूद सुरक्षित अपने गंतव्य की ओर बढ़ गया.

दरअसल बीचक्राफ्ट C90 (VT-AJV) रांची से दिल्ली के लिए एयर एंबुलेंस सर्विस के तौर पर ऑपरेट हो रहा था. टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद पायलट इस विमान को 6,000 फीट की ऊंचाई तक ले गए, लेकिन खराब मौसम के चलते कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से रूट बदलने (डिविएशन) की इजाजत मांगी. इसी बातचीत के कुछ समय बाद  प्लेन क्रैश हो गया.

विमान के उड़ान भरने के समय रांची में मौसम बेहद खराब था. इलाके में 3,000 फीट की ऊंचाई तक क्यूम्यूलोनिंबस बादल छाए हुए थे, जो उड़ान के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण माने जाते हैं.

मीडिया की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि एयर एंबुलेंस के वहीं टेक-ऑफ के कुछ ही मिनट बाद, जब विमान रांची एयरपोर्ट से करीब 37 किलोमीटर दूर था, तब पायलटों ने खराब मौसम से बचने के लिए दाईं ओर मुड़ने की अनुमति मांगी.

इस एयर एंबुलेंस में संजय कुमार नाम के मरीज को दिल्ली ले जाया जा रहा था. 41 वर्षीय संजय झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले थे. वह पेशे से ढाबा चलाते थे, और वहां लगी आग में उनका शरीर 65 प्रतिशत जल गया था.

मौसम, विमान की क्षमता, पायलट के फैसले और एयर ट्रैफिक कंट्रोल से हुए संवाद सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है. अब जांच एजेंसियां यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि जब उसी समय दो कमर्शियल फ्लाइट्स सुरक्षित उड़ान भर सकीं, तो एयर एंबुलेंस क्यों हादसे का शिकार हुई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार रांची के देवकमल अस्पताल के सीईओ अनंत सिन्हा ने बताया, ‘संजय कुमार को 16 फरवरी को 65 प्रतिशत बर्न इंजरी के साथ अस्पताल लाया गया था और यहीं इलाज चल रहा था. हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें उन्नत इलाज के लिए दिल्ली ले जाने का फैसला किया. सोमवार को एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और मरीज को शाम करीब 4:30 बजे अस्पताल से रवाना किया गया.’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m