Bihar News: पटना पीएमसीएच में मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। दरअसल मधुबनी निवासी राहुल कुमार मिश्रा ने यह आरोप लगाया है कि अस्पताल के 25 से 30 जूनियर डॉक्टरों और गार्डों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की है। इसके साथ ही उन्होंने उनके कीमती सामान को भी छीन लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित की ओर से इस मामले में पीरबहोर थाने में अज्ञात डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

पूरी घटना कल मंगलवार 3 मार्च की बताई जा रही है। दर्ज शिकायत में पीड़ित राहुल ने बताया कि, 2 मार्च सोमवार को अथमलगोला के पास ट्रेन यात्रा के दौरान वह और उनके भाई सोनू घायल हो गए थे। पहले उन्हें बाढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना के पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

राहुल का आरोप है कि सर्जरी विभाग में डॉक्टरों ने उन्हें सीटी स्कैन बाहर से कराने को कहा। जब उन्होंने इसकी लिखित में मांग की कि यह जांच अस्पताल में संभव नहीं है, इसपर डॉक्टर और गार्ड भड़क गए। इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।

राहुल ने बताया कि, इस दौरान जान बचाकर भाग रहे तीनों भाइयों और उनकी मां को मरीन ड्राइव की ओर जाने वाले रास्ते पर घेर लिया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके साथ मारपीट करने वालों में कुछ लोग शराब के नशे में थे। इसके साथ ही उन्होंने इस दौरान उनका मोबाइल और ट्रॉली बैग छीने जाने का भी आरोप लगाया है, जिसमें कपड़े और अन्य सामान थे।

मारपीट के बाद घायल परिवार को इलाज और इंजरी रिपोर्ट के लिए भी भटकना पड़ा। पहले वे गार्डनर अस्पताल गए, जहां से उन्हें लौटा दिया गया। फिर गर्दनीबाग अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां भी राहत नहीं मिली। अंत में उन्हें मजबूर होकर एक निजी अस्पताल में इलाज कराना पड़ा।

घटना को लेकर पीरबहोर थानाध्यक्ष सज्जाद गद्दी ने बताया कि, पीड़ित के शिकायत पर 25 से 30 अज्ञात जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। होली की छुट्टी के कारण फुटेज तुरंत नहीं मिल सके, लेकिन दफ्तर खुलते ही उन्हें सुरक्षित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- होलिका दहन पर हथियार लहराते दिखे जदयू के पूर्व विधायक गोपाल मंडल, पुलिस ने दर्ज की FIR