आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। बोधघाट थाना पुलिस ने ओडिशा में दबिश देकर दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जो छत्तीसगढ़ में गांजे की सप्लाई कर रहे थे। इन आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 102.82 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 51 लाख 41 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक, थाना बोधघाट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर एक व्यक्ति आडावल रेलवे गेट के पास ग्राहकों की तलाश में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर मौके पर नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक आरोपी को पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम पवन नेताम, निवासी तुरेनार, थाना नगरनार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 2.58 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह गांजा उसे ओडिशा के रायगड़ा जिले से बरामद किया गया था।

मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने ओडिशा के रायगढ़ा जिले के काशीपुर थाना क्षेत्र के दाबलीगुड़ा गांव में दबिश देकर सप्लायर हीरालाल नायक खैर कवि नायक को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 100.24 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(B) और 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त मादक पदार्थ के साथ आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस्तर क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H