नरेश शर्मा, रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दो हाथियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दोनों हाथियों के शव कुरकुट नदी में तैरते हुए पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला घरघोड़ा रेंज का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में इन दिनों करीब 19 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। बुधवार को ग्रामीणों ने कक्ष क्रमांक 1273 के पास कुरकुट नदी में दो हाथियों को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन अमले को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी, घरघोड़ा के प्रभारी रेंजर और अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे और हाथियों के शव को नदी से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।

वन विभाग के अनुसार हाथियों के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके लिए डॉक्टरों की टीम भी मौके पर मौजूद है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नदी में नहाने या उसे पार करने के दौरान डूबने से हाथियों की मौत हुई होगी। हालांकि वन विभाग के अधिकारी फिलहाल किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि नदी में दो हाथियों के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची है और शव को बाहर निकाल लिया गया है। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई है, लेकिन अभी तक मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

गौरतलब है कि करीब एक वर्ष पहले भी रायगढ़ जिले के तमनार रेंज के बकचबा बीट स्थित चुहकीमार क्षेत्र में एक साथ तीन हाथियों के शव मिले थे। उस मामले में 11 केवी करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से हाथियों की मौत की पुष्टि हुई थी। घटना के बाद जांच करते हुए संबंधित सर्किल प्रभारी और बीट गार्ड को निलंबित कर दिया गया था। फिलहाल वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H