BCCI Naman Awards 2026: 15 मार्च को देश की राजधानी दिल्ली में बीसीसीआई के सालाना ‘नमन अवॉर्ड्स’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है. इस समारोह में टीम इंडिया की जीत का जश्न मनेगा. साथ ही 2025 में क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचाने वाले भारतीय दिग्गजों को भी सम्मानित किया जाएगा. शुभमन गिल और राहुल द्रविड़ के नाम की धूम रहने वाली है.

BCCI Naman Awards 2026: Shubman Gill: 8 मार्च को टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 जीता था, जिसके बाद विक्ट्री परेड नहीं हुई, लेकिन अब एक गुड न्यूज आई है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने जीत के जश्न के लिए 15 तारीख चुनी है. ये वही दिन है जब टीम को दिल्ली में आयोजित होने वाले बीसीसीआई के सालाना नमन अवॉर्ड्स (BCCI Naman Awards) में सम्मानित किया जाएगा और विश्व कप जिताने वाले खिलाड़ियों को हर कोई सलाम करेगा. टीम इंडिया के जीत के इस जश्न में शुभमन गिल का जलवा रहने वाला है. भले ही गिल टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के लिए नहीं खेल पाए, लेकिन अब उन्हें टीम की जीत के जश्न के दौरान ही एक खास अवॉर्ड मिलेगा. ये अवॉर्ड उसी मेहनत का नतीजा है, जो उन्होंने 2025 में की थी.

दरअसल, शुभमन गिल को 2025 का क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया है. टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया से बाहर रहने वाले शुभमन गिल के लिए यह अवॉर्ड किसी बड़ी व्यक्तिगत जीत से कम नहीं है. साल 2025 की शुरुआत में गिल के लिए टी20 फॉर्मेट थोड़ा कठिन रहा, जिसके चलते उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के स्क्वाड से बाहर रखा गया था. उपकप्तान होने के बावजूद टीम से बाहर होना एक बड़ा झटका था, लेकिन उन्होंने टेस्ट और वनडे में जो कमाल किया था, उसका लोहा बीसीसीआई ने भी माना है.

शुभमन गिल ने साल 2025 में कुल 35 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 49.00 की शानदार औसत से 1,764 रन बनाए, जिसमें 7 शतक शामिल रहे. ये वही साल था जब वो पहली बार टेस्ट टीम के कप्तान बने और पहला ही दौरा इंग्लैंड था. हालांकि 5 टेस्ट मैचों की सीरीज 2-2 पर खत्म हुई. गिल सीरीज के टॉप रन स्कोरर थे. 2025 में टेस्ट की 14 पारियों में गिल ने 70.21 की औसत से 983 रन (5 शतक) ठोककर खुद को लंबी रेस का घोड़ा साबित किया था, जबकि वनडे में 11 मैच खेलकर 48.72 की औसत से 96.50 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की थी. उनके बल्ले से 2 शतक और 2 फिफ्टी निकली थीं.

राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

बीसीसीआई के सालाना नमन अवॉर्ड्स में राहुल द्रविड़ को ‘कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ दिया जाना है. द्रविड़ की कोचिंग में टीम ने टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीता था. उन्होंने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में अहम रोल अदा किया है. पहले बतौर खिलाड़ी और फिर बतौर कोच वो हमेशा टीम के लिए आगे खड़े रहे. द्रविड़ ने अपनी कोचिंग में न केवल सीनियर टीम को चैंपियन बनाया, बल्कि 2018 में अंडर-19 टीम को भी विश्व विजेता बनाया था. भारतीय क्रिकेट की संरचना को मजबूत बनाने वालों में द्रविड़ एक बड़ा नाम हैं.

आयुष म्हात्रे को मिलेगा ये अवॉर्ड

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई के नमन अवॉर्ड्स समारोह में उभरते हुए ऑलराउंडर आयुष म्हात्रे को घरेलू क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘लाला अमरनाथ अवॉर्ड’ दिया जाएगा. साथ ही, बोर्ड महिला क्रिकेट की दिग्गज मिताली राज को भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देने पर गंभीरता से विचार कर रहा है. अभी इसका आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि जश्न के साथ इन दिग्गजों को सम्मानित करने की तैयारी पूरी हो चुकी है.