भागलपुर। जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 6 मार्च को घोघा थाना क्षेत्र के दियारा में एक युवक का बिना सिर का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने अब इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी होटल मालिक महेंद्र मंडल, उसके बेटे बजरंगी मंडल और एक अन्य सहयोगी पुरुषोत्तम को गिरफ्तार कर लिया है।

​नौकरी मांगने पर दी दर्दनाक मौत

मृतक की पहचान 27 ​मोहम्मद नाजिर के रूप में हुई है, जो सनोखर का रहने वाला था। वह महेंद्र मंडल के होटल में काम करता था। कुछ समय पहले महेंद्र ने उसे काम से निकाल दिया था। जांच में सामने आया कि नाजिर बार-बार अपनी नौकरी वापस मांग रहा था, जिससे नाराज होकर महेंद्र ने अपने बेटे और सहयोगियों के साथ मिलकर होटल में ही उसकी हत्या कर दी।

​पहचान छिपाने के लिए शरीर के किए 5 टुकड़े

​हत्या के बाद आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने होटल में ही नाजिर का सिर काटा और फिर शव को बाइक पर लादकर दियारा ले गए। वहां पहचान छिपाने के उद्देश्य से धड़, पैर और कमर को अलग-अलग काटकर मक्के के खेत में फेंक दिया, जबकि सिर को पास के एक तालाब में डुबो दिया।

​पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी

​एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कड़ाई से पूछताछ की तो महेंद्र ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तालाब से कटा हुआ सिर बरामद किया। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो धारदार हथियार (दबिया), एक मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल भी जब्त किया गया है। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर नाजिर की पहचान की। पुलिस अब मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।