गया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उत्सव सेठ को गया जिले का नया युवा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के दिशा-निर्देश पर हुई इस नियुक्ति से जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पदभार संभालने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उत्सव सेठ ने अपनी भावी रणनीतियों और पार्टी के लक्ष्यों को साझा किया।
बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट पर रहेगा जोर
उत्सव सेठ ने चिराग पासवान के बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट विजन को राज्य के विकास का असली ब्लूप्रिंट बताया। उन्होंने कहा कि इस विजन के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव लाकर बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना उनका मुख्य उद्देश्य है।
पंचायत स्तर तक मजबूत होगा संगठन
अपनी नई जिम्मेदारी पर बात करते हुए सेठ ने संकल्प लिया कि वे पूरी निष्ठा के साथ पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में जिले के हर प्रखंड और पंचायत स्तर पर युवाओं के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। उनका लक्ष्य पार्टी को जमीनी स्तर पर सक्रिय और सशक्त बनाना है।
युवा शक्ति से सकारात्मक बदलाव का लक्ष्य
राजनीति में युवाओं की भागीदारी को अनिवार्य बताते हुए उत्सव सेठ ने कहा कि वे जिले के अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ेंगे। इसके लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि युवा शक्ति को समाज निर्माण और सकारात्मक बदलाव का हिस्सा बनाया जा सके। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाई पर ले जाने की अपील की।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

