Bihar Top News Today 14 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 14 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

धू-धू कर जला हाईवा

​पटना। राजधानी के धनरूआ थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। एक बेकाबू हाईवा (डंपर) ने डायल 112 की पुलिस वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं भागने की कोशिश में हाईवा पुल की रैलिंग से टकराकर आग का गोला बन गया।

नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म

गया। जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ चार युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना उस वक्त हुई जब छात्रा स्कूल से परीक्षा देकर घर लौट रही थी। ​परिजनों के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे छात्रा अपनी सहेली के साथ स्कूल से लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में सुनसान जगह पाकर चार युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने छात्रा के मुंह पर नशीला पदार्थ लगा कपड़ा फेर दिया जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी उसे करीब एक किलोमीटर दूर एक निर्जन स्थान पर ले गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

होटल कर्मी की गला काटकर हत्या

भागलपुर। जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 6 मार्च को घोघा थाना क्षेत्र के दियारा में एक युवक का बिना सिर का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने अब इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी होटल मालिक महेंद्र मंडल, उसके बेटे बजरंगी मंडल और एक अन्य सहयोगी पुरुषोत्तम को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान 27 ​मोहम्मद नाजिर के रूप में हुई है, जो सनोखर का रहने वाला था। वह महेंद्र मंडल के होटल में काम करता था। कुछ समय पहले महेंद्र ने उसे काम से निकाल दिया था। जांच में सामने आया कि नाजिर बार-बार अपनी नौकरी वापस मांग रहा था, जिससे नाराज होकर महेंद्र ने अपने बेटे और सहयोगियों के साथ मिलकर होटल में ही उसकी हत्या कर दी।

लाखों की संपत्ति ले उड़े चोर

सहरसा। बिहार के सहरसा जिले से अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ चोरों ने पुलिसिया गश्त को चुनौती देते हुए एक ही रात में करीब एक दर्जन घरों को अपना निशाना बनाया। मामला पस्तपार थाना क्षेत्र के पामा पंचायत स्थित कबैया वार्ड संख्या 14 का है, जहां शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया और लाखों की संपत्ति बटोर ले गए।

भाजपा कोर कमेटी की बड़ी बैठक

पटना। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी राज्यसभा चुनाव की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल हुए।

​बेगूसराय को बड़ा तोहफा

बेगूसराय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत बेगूसराय पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को 330 करोड़ रुपये की लागत वाली 402 विकास योजनाओं का उपहार दिया। इसमें 118.67 करोड़ की 190 परियोजनाओं का शिलान्यास और 211.97 करोड़ की 212 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। विशेष रूप से, सीएम ने बियाडा (BIADA) कैंपस में कैंपा कोला फैक्ट्री की आधारशिला भी रखी।

हॉस्टल में हाई वोल्टेज ड्रामा

​भागलपुर। जिले के मायागंज स्थित बीएससी नर्सिंग कॉलेज में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्रा की मां ने अपनी मांगों को लेकर भारी हंगामा किया। इस मामले में कॉलेज प्रशासन की शिकायत पर बरारी थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है। ​विवाद की शुरुआत 2025 बैच की प्रथम वर्ष की छात्रा श्वेता कुमारी की मां द्वारा हॉस्टल में खुद के रहने के लिए स्पेशल कमरे की मांग से हुई। कॉलेज की प्राचार्य रिंपी दुगड़ के अनुसार, छात्रा की मां पिछले तीन दिनों से इस मांग को लेकर दबाव बना रही थी। नियमों का हवाला देते हुए जब प्रबंधन ने इनकार किया, तो विवाद हिंसक रूप ले बैठा।

अपराधियों की अंधाधुंध फायरिंग

सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में बेखौफ अपराधियों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। देर रात सदर थाना क्षेत्र के मीरा सिनेमा रोड के समीप बाइक सवार हमलावरों ने थार गाड़ी पर सवार एक युवक की अंधाधुंध गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। ​मृतक की पहचान विद्यापति नगर निवासी छोटू मिश्रा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, छोटू मिश्रा रात के समय अपने दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। जैसे ही उनकी थार गाड़ी मीरा सिनेमा रोड के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमला इतना भीषण था कि छोटू को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया।

सीएम के हेलीपैड पर घुसा सांड

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान बेगूसराय में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मुख्यमंत्री के आगमन से कुछ ही देर पहले, बियाडा कैंपस स्थित निर्धारित हेलीपैड के सुरक्षा घेरे को तोड़कर एक आवारा बैल अंदर घुस गया।
​जैसे ही बैल सुरक्षा घेरे में दाखिल हुआ, वहां तैनात पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। बैल ने आक्रामक होकर पुलिस जवानों को दौड़ाना शुरू कर दिया। स्थिति इतनी हास्यास्पद और गंभीर हो गई कि अपनी जान बचाने के लिए एक पुलिसकर्मी को पास खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी के ऊपर चढ़ना पड़ा। सुरक्षाकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद बैल को परिसर से बाहर खदेड़ा, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई और मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर लैंड कर सका।

बेलगाम ट्रैक्टर ने महिला को कुचला

भागलपुर। जिले में रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। शुक्रवार को हबीबपुर थाना क्षेत्र के डॉट बाउट चौक के पास एक बालू लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 37 वर्षीय महिला को न केवल रौंदा, बल्कि करीब 20 फीट तक सड़क पर घसीटता चला गया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रैक्टर की भयावह रफ्तार साफ देखी जा सकती है।