चंडीगढ़। पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का रुख बदल गया है. पिछले 24 घंटों में तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है और आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है. मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.

तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के विभिन्न इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर में तेज तूफान, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है. तरनतारन, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फिरोजपुर और मोगा में बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है.
17 मार्च से सक्रिय होगा नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस समय उत्तर भारत में उच्च ऊंचाई पर करीब 200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं. एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) पहले से सक्रिय है, जबकि 17 मार्च की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है, जिससे मौसम का मिजाज और अधिक बदलेगा.
पारा गिरेगा, मिलेगी गर्मी से राहत
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल सिंह ने जानकारी दी कि अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. फिलहाल गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन अगले 5 दिनों के भीतर तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

