मोहाली। पंजाब को औद्योगिक हब बनाने के उद्देश्य से मोहाली में आयोजित दो दिवसीय प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट (Progressive Punjab Investors’ Summit) का आज समापन होने जा रहा है. समिट के अंतिम दिन मुख्यमंत्री भगवंत मान की उपस्थिति में देश-विदेश की कई दिग्गज कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है.

समिट के दौरान भारत और विदेशों की प्रतिष्ठित कंपनियों के सीईओ और प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं. प्रदर्शनी में पंजाब और देश की विभिन्न कंपनियां अपने अत्याधुनिक उत्पादों का प्रदर्शन कर रही हैं. इसमें इलेक्ट्रिक ट्रैक्टरों से लेकर विभिन्न प्रकार के रक्षा उपकरण आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने समिट का आगाज किया. टाटा स्टील, हीरो, आर्सेलर मित्तल और ट्राइडेंट जैसे औद्योगिक घरानों ने नए प्रोजेक्ट्स और विस्तार की घोषणा की है. केजरीवाल ने उद्योगों को पूरी सरकारी सहायता का वादा करते हुए ‘मेक इन इंडिया’ और चीन से मुकाबले की बात कही है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में कोई नया टैक्स नहीं लगाया जाएगा.

आज होगा निवेश की सही राशि का खुलासा

हालांकि, चर्चाओं में निवेश का आंकड़ा 1.25 लाख करोड़ तक पहुंच चुका है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट किया है कि निवेश की सटीक और आधिकारिक राशि का विवरण आज यानी रविवार शाम को साझा किया जाएगा. समिट के अंतिम सत्र में कई नई औद्योगिक योजनाओं और रोजगार के अवसरों पर मुहर लगने की संभावना है, जिससे पंजाब की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी.