Most wickets in IPL history: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नए सीजन यानी आईपीएल 2026 का मंच सज चुका है. अब बारी है तो सिर्फ एक्शन की, जो 28 मार्च से शुरू होगा. फैंस 28 तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. 19वें सीजन में कई रिकॉर्ड बनेंगे और टूटेंगे, क्योंकि टी20 फॉर्मेट के हर मैच में कोई ना कोई रिकॉर्ड बनता जरूरी है. अगले सीजन एक ऐसा खिलाड़ी मैदान पर उतरेगा, जो बल्लेबाजों का फॉर्मेट कहे जाने वाले आईपीएल में अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाता है. ये खिलाड़ी हर सीजन कमाल करता है और उसके नाम 200 विकेट लेने का महारिकॉर्ड दर्ज है.
आईपीएल का पहला सीजन 2008 में हुआ था. तब से लेकर अब तक इस लीग के 19 सालों के इतिहास में यह इकलौता ऐसा बॉलर है, जिसने 200 विकेट का आंकड़ा पार किया है. उसने अपनी जादुई स्पिन के दम पर दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. यहां किसी और की नहीं बल्कि बात हो रही है स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की, जो आईपीएल इतिहास में 200 विकेट का जादुई आंकड़ा छूने वाले दुनिया के इकलौते गेंदबाज हैं.

इन दिग्गजों से आगे हैं चहल
खास बात ये है कि चहल ने 200 विकेट लेने वाले खास क्लब में सबसे पहले एंट्री मारी. उन्होंने इस लीग के इतिहास में अपनी घातक बॉलिंग के लिए मशहूर लसिथ मलिंगा, ड्वेन ब्रावो और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गजों को काफी पीछे छोड़ा है. चहल एक विकेट टेकर बॉलर हैं, जो मार खाने से नहीं डरते, वो अपने प्लान पर कायम रहते हैं और इसी वजह से उन्हें विकेट मिलते हैं.

कैसा है चहल का आईपीएल करियर?
युजवेंद्र चहल के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो इस स्पिनर ने साल 2013 में अपना आईपीएल सफर शुरू किया था. तब से लेकर अब तक वो मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं. इस लीग में उनके नाम 174 मैचों में 221 विकेट दर्ज हैं. 40 रन देकर 5 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है. चहल की फिरकी को पढ़ना आसान नहीं होता. उनका सबसे बड़ा हथियार गूगली बॉल रही है.

IPL 2026 में पंजाब किंग्स के लिए दिखाएंगे जलवा
आईपीएल 2026 में युजवेंद्र चहल एक बार फिर बल्लेबाजों की नाक में दम करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे. वो 2025 की तरह इस बार भी पंजाब किंग्स (PBKS) की जर्सी में अपना जलवा बिखेरेंगे. चहल बीच के ओवरों में विकेट निकालकर मैच का रुख पलटते हैं.
आईपीएल के इतिहास के टॉप 5 विकेट टेकर
युजवेंद्र चहल – 174 मैचों में 221 विकेट
भुवनेश्वर कुमार – 190 मैचों में 198 विकेट
सुनील नरेन – 189 मैचों में 192 विकेट
पीयूष चावला – 192 मैचों में 192 विकेट
रविचंद्रन अश्विन – 221 मैचों में 187 विकेट
भुवनेश्वर कुमार भी इतिहास रचने के करीब
युजवेंद्र चहल 200 विकेट के क्लब में इकलौते गेंदबाज हैं. उनके साथ अब भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का नाम भी जुड़ने वाला है. ‘स्विंग किंग’ के नाम से मशहूर भुवनेश्वर कुमार भी 200 विकेट के महारिकॉर्ड की दहलीज पर खड़े हैं. आईपीएल 2026 में वो आरसीबी के लिए खेलेंगे और 2 विकेट लेते ही आईपीएल करियर के 200 विकेट पूरे कर लेंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

