प्रमोद कुमार/ कैमूर। रमजान के पवित्र महीने के समापन पर शनिवार को पूरे देश के साथ-साथ कैमूर जिले में भी ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक महीने तक कठिन रोजा रखने के बाद चांद दीदार होते ही आज ईद की नमाज़ अदा की। मुख्य आयोजन भभुआ के जगजीवन स्टेडियम में हुआ, जहां हजारों की संख्या में नमाजियों ने खुदा की इबादत में सिर झुकाया और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
त्योहार को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिले के कोने-कोने में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाल रखा था ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो और लोग सुरक्षित माहौल में खुशियां मना सकें।
सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल है कैमूर
कैमूर जिला हमेशा से अपनी गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता रहा है। यहां की मिट्टी में मोहब्बत और भाईचारा रचा-बसा है। आज ईद के मौके पर भी वही नजारा देखने को मिला, जहां हिंदू भाइयों ने मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर मुबारकबाद दी। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है कि मुस्लिम समुदाय के लोग हिंदू त्योहारों जैसे होली, दशहरा और रामनवमी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, तो वहीं छठ पूजा के दौरान फल की दुकानें सजाने में भी मुस्लिम भाइयों का बड़ा सहयोग रहता है।
नगर सभापति ने दी शुभकामनाएं
भभुआ नगर परिषद के सभापति विकास उर्फ बबलू तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि नगर परिषद ने ईद की नमाज को लेकर साफ-सफाई और पानी की मुकम्मल व्यवस्था कई दिन पहले ही पूरी कर ली थी। उन्होंने कहा, यह हमारे जिले की खूबसूरती है कि आज एक तरफ मुस्लिम भाई ईद मना रहे हैं, तो दूसरी तरफ हिंदू भाइयों का चैत्र नवरात्रि का पर्व चल रहा है। हम सभी एक-दूसरे की खुशियों में शरीक होते हैं। उन्होंने समस्त जिलावासियों से इसी तरह भाईचारे के साथ रहने की अपील की।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

