कुंदन कुमार/पटना। राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ईद की नमाज के दौरान एक अलग नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जो अमूमन इस मौके पर मौजूद रहते हैं, इस बार नदारद रहे। उनकी जगह उनके पुत्र निशांत कुमार और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी वहां पहुंचे। मुख्यमंत्री के शामिल न होने पर विपक्षी दलों ने इसे राजनीतिक रंग देना शुरू कर दिया और सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।

​रामकृपाल यादव का विपक्ष पर जोरदार पलटवार

​विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रामकृपाल यादव ने मुख्यमंत्री का बचाव किया। उन्होंने कहा कि हो सकता है मुख्यमंत्री अस्वस्थ्य हों या कोई अन्य अनिवार्य समस्या हो, जिसके कारण वह नहीं जा सके। उन्होंने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि जो लोग राजनीति कर रहे हैं, उन्हें दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। रामकृपाल यादव ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बिहार की जनता जानती है कि विपक्ष ने अपने शासनकाल में प्रदेश का क्या हाल किया था।

​विकसित बिहार 2030 का संकल्प

  • ​रामकृपाल यादव ने साफ किया कि बिहार में एनडीए (NDA) पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने विकास के मुद्दे पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि:
  • ​वर्ष 2030 तक विकसित बिहार बनाने का जो संकल्प लिया गया है, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा।
  • ​विपक्ष के पास वर्तमान में कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे फिजूल की बातों को तूल दे रहे हैं।