Most Sixes for an IPL Team : आज से भारत में IPL 2026 की धूम शुरू होने वाली है. 28 मार्च यानी आज से 19वें सीजन का आगाज हो रहा है. 2008 में शुरू हुई इस T20 लीग के पिछले 18 सालों के इतिहास में एक से बढ़कर एक विस्फोटक बल्लेबाज आए, जिन्होंने तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट की परिभाषा बदल दी. जब भी छक्के लगाने की बात होती है तो क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों का नाम हर किसी के जहन में आता है, लेकिन IPL के इतिहास में एक ही टीम के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में ये सभी उस खिलाड़ी से पीछे हैं, जो लाखों-करोड़ों दिलों की धड़कन है और जिसकी एक झलक पाने को फैंस बेताब रहते हैं.

ये कोई और नहीं बल्कि विराट कोहली हैं, जिन्होंने IPL के इतिहास में अपने बल्ले से कई कीर्तिमान गढ़े हैं. कोहली IPL 2026 के जरिए एक ऐसा रिकॉर्ड बना सकते हैं, जो किसी भी बैटर के लिए तोड़ना लगभग असंभव होगा. कोहली के नाम IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने साल 2008 से लेकर अब तक सिर्फ RCB का साथ निभाया है. इस टीम के लिए 267 IPL मैचों में कोहली के नाम फिलहाल 291 छक्के दर्ज हैं.
300 छक्कों से रचेंगे इतिहास
अगर विराट कोहली 19वें सीजन में 9 छक्के और मारते हैं तो वह इस आंकड़े को 300 तक पहुंचा सकते हैं. अगर ऐसा हुआ तो वह एक ही IPL टीम के लिए 300 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन जाएंगे. कोहली यह खास कमाल 19वें सीजन के ओपनिंग मुकाबले में ही कर सकते हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ RCB का मैच है और कोहली ओपनिंग करेंगे. देखना होगा कि वह पहले ही मैच में 9 छक्के मार पाते हैं या नहीं.
एक IPL टीम के लिए सबसे ज्यादा छक्के
- विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)- 291 छक्के
- रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस)- 251 छक्के
- क्रिस गेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)- 239 छक्के
- एबी डिविलियर्स (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)- 238 छक्के
- महेंद्र सिंह धोनी (चेन्नई सुपर किंग्स)- 234 छक्के
IPL में विराट कोहली के 3 दमदार रिकॉर्ड
पहला- विराट कोहली IPL में सिर्फ एक ही टीम के लिए खेलने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं. उन्होंने 2008 में RCB का दामन थामा था और तब से अब तक उसी टीम के साथ हैं.
दूसरा- विराट कोहली IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. वह अब तक 267 मैचों में 39.54 की औसत से कुल 8661 रन बना चुके हैं. उनके बल्ले से 8 शतक और 63 अर्धशतक निकले हैं. कोहली ने 291 छक्के और 771 चौके लगाए हैं. दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 7046 रन बनाए हैं.
तीसरा- विराट कोहली इस लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने अब तक 63 फिफ्टी लगाई हैं. पहले यह रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम था, जिन्होंने 62 बार यह कमाल किया था, लेकिन कोहली ने IPL 2025 में यह रिकॉर्ड तोड़ा था और अब IPL 2026 में इस संख्या को 70 तक पहुंचाना चाहेंगे.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

