मुजफ्फरपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में एक प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात रेलवे लाइन के समीप स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई। हत्या करने के बाद आरोपी युवक अपनी चप्पलें मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

​30 मिनट की बातचीत और फिर खूनी अंत

​प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, मृतका नेहा कुमारी (22 वर्ष) अपने प्रेमी के साथ हनुमान मंदिर के पास पहुंची थी। दोनों ने वहां बैठकर साथ में चाय पी और लगभग आधे घंटे तक सामान्य बातचीत की। लेकिन यह शांति कुछ ही देर की थी। अचानक नेहा की शादी की बात छिड़ने पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में पागल प्रेमी ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और नेहा के सिर में सटाकर गोली दाग दी। नेहा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

​शादी तय होने से नाराज था प्रेमी

​मृतक नेहा कुमारी मूल रूप से पूर्वी चंपारण के केसरिया (दिलावरपुर) की रहने वाली थी और पिछले तीन साल से मुजफ्फरपुर के बीबीगंज में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। नेहा के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। बताया जा रहा है कि प्रेमी इसी बात से आक्रोशित था और नेहा पर शादी तोड़ने का दबाव बना रहा था। इसी सनक ने एक हंसती-खेलती जिंदगी का अंत कर दिया।

​जांच में जुटी पुलिस और फोरेंसिक टीम

​घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और एसडीपीओ विनीता सिन्हा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से नेहा का मोबाइल फोन मिला, जिस पर लगातार कॉल आ रहे थे। साथ ही पुलिस ने वहां से दो खोखे और आरोपी की चप्पलें बरामद की हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।

​आरोपी की तलाश में छापेमारी

​एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और शादी के विवाद से जुड़ा है। पुलिस आरोपी की पहचान कर चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। शहर की घेराबंदी कर दी गई है ताकि हत्यारा जिला छोड़कर भाग न सके।