Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (02 अप्रैल 2026) की खबरों में AAP ने राज्यसभा में राघव चड्ढा को उप नेता पद से हटाया, चांदनी चौक टाउन हॉल के पुनर्विकास को हरी झंडी, दिल्ली-NCR के हिंडन एयरपोर्ट से तीन बड़े शहरों की उड़ानें बंद, दिल्ली में ‘लखपति बिटिया योजना’शुरू, दिल्ली में नया बिजली कनेक्शन लेना हुआ आसान प्रमुख रहा।

AAP ने राज्यसभा में राघव चड्ढा को उप नेता पद से हटाया
आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक अहम संगठनात्मक फैसला लेते हुए राघव चड्ढा (Raghav Chadha) को राज्यसभा में उप नेता के पद से हटा दिया है। पार्टी ने इस संबंध में औपचारिक रूप से राज्यसभा सचिवालय को पत्र भेजकर जानकारी दी और इसमें यह निर्देश भी शामिल किया कि अब उन्हें संसद में बोलने का समय न दिया जाए। इस कदम को AAP के भीतर बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अब राज्यसभा में पार्टी के नए उप नेता के रूप में डॉ. अशोक मित्तल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. मित्तल पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं और पार्टी ने उन्हें सदन में नेतृत्व की नई जिम्मेदारी दी है।

चांदनी चौक टाउन हॉल के पुनर्विकास को हरी झंडी
पुरानी दिल्ली के ऐतिहासिक इलाके चांदनी चौक में स्थित करीब 160 साल पुराने टाउन हॉल को एक बार फिर संवारने की तैयारी शुरू हो गई है. दिल्ली सरकार और नगर निगम ने मिलकर इसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की नई योजना बनाई है. इसको लेकर हाल ही में दोनों एजेंसियों के बीच उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है. अब इस योजना को औपचारिक रूप देने के लिए प्रस्ताव जल्द ही स्थायी समिति की बैठक में लाया जाएगा.

दिल्ली-NCR के हिंडन एयरपोर्ट से तीन बड़े शहरों की उड़ानें बंद
दिल्ली-एनसीआर के हिंडन एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक बड़ी निराशाजनक खबर सामने आई है. मुंबई, अहमदाबाद और पटना जैसे प्रमुख शहरों के लिए यहां से संचालित होने वाली फ्लाइट्स अचानक बंद कर दी गई हैं. जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) ने हिंडन एयरपोर्ट से अपना पूरा ऑपरेशन बंद कर दिया है. वहीं इंडिगो ( IndiGo) ने भी अपनी उड़ानों की संख्या में भारी कटौती कर दी है, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. बताया जा रहा है कि इस फैसले के पीछे एयरपोर्ट की परिचालन सीमाएं, सीमित स्लॉट और संसाधनों की कमी जैसे अहम कारण हैं. हिंडन एयरपोर्ट मूल रूप से भारतीय वायुसेना का एयरबेस है, जहां नागरिक उड़ानों के लिए सीमित सुविधाएं उपलब्ध हैं.

दिल्ली में‘लखपति बिटिया योजना’शुरू
दिल्ली सरकार ने बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘लखपति बिटिया योजना’ की शुरुआत की है। इस योजना का उद्देश्य जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक लड़कियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि उनकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रह सके। इस योजना को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 30 मार्च को जारी गजट नोटिफिकेशन के जरिए लागू किया गया है। योजना के सभी नियम और शर्तें स्पष्ट कर दी गई हैं . बुधवार से यह योजना औपचारिक रूप से लागू हो चुकी है. नई ‘लखपति बिटिया योजना’ अब पुरानी ‘लाडली योजना’ की जगह लेगी। पहले से चल रही योजना को अपग्रेड कर ज्यादा प्रभावी और व्यापक बनाया गया है.

दिल्ली में नया बिजली कनेक्शन लेना हुआ आसान
राजधानी दिल्ली में अब नया बिजली कनेक्शन लेना पहले के मुकाबले काफी आसान और तेज हो गया है। Delhi Electricity Regulatory Commission (डीईआरसी) ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर कनेक्शन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। इन बदलावों से आम उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। नए नियमों के तहत अब बिजली कनेक्शन के लिए साइट इंस्पेक्शन की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। पहले आवेदन के बाद वितरण कंपनियों द्वारा स्थल निरीक्षण किया जाता था, जिससे प्रक्रिया में देरी होती थी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली-NCR की 400 से ज्यादा फैक्टरियों पर सख्ती: केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वायु प्रदूषण पर सख्ती बढ़ाते हुए बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने एनसीआर (नेशनल कैपिटल रीजन) में ऐसी 400 से ज्यादा फैक्टरियों की पहचान की है, जिन्होंने प्रदूषण की निगरानी के लिए जरूरी उपकरण नहीं लगाए हैं। CPCB के निर्देशों के अनुसार, इन फैक्टरियों में अत्याधुनिक उपकरण और कैमरे लगाए जाएंगे, जो चिमनियों से निकलने वाले धुएं और गैसों पर सीधी नजर रखेंगे। (पढ़े पूरी खबर)
स्कूल की जमीन को बैंक में गिरवी रखने का मामला: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में एक रुपये की सालाना लीज पर स्कूल के नाम पर ली गई जमीन को बैंक में गिरवी रखने का मुद्दा फिर से उठा। कोर्ट ने इस मामले में स्कूल सोसायटी, ऋण देने वाले बैंक, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और दिल्ली सरकार के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। कोर्ट ने कहा कि स्कूल की जमीन को कारोबार में बदल दिया गया है, जो कानून और मूल उद्देश्य दोनों के खिलाफ है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर बच्चों की तस्करी पर हाईकोर्ट सख्त: दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर कथित बाल तस्करी के मामलों को गंभीर मानते हुए दिल्ली सरकार और कई केंद्रीय एजेंसियों को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस जस्ट राइट फ़ॉर चिल्ड्रेन एलायंस और एसोसिएशन फ़ॉर वॉलंटरी एक्शन की तरफ से दायर जनहित याचिका पर जारी किया गया। याचिका में आरोप लगाया गया है कि दिल्ली के रेलवे स्टेशनों और आसपास के इलाकों में बच्चों की तस्करी लगातार हो रही है और इसे रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। (पढ़े पूरी खबर)
ग्रीन एक्शन प्लान से दिल्ली को और हरा-भरा बनाने की तैयारी: दिल्ली सरकार ने राजधानी को प्रदूषण मुक्त और हरा-भरा बनाने के लिए ‘ग्रीन एक्शन प्लान (GAP) 2026-27’ शुरू किया है। इस योजना के तहत 22 सरकारी विभाग मिलकर इस साल कुल 70.05 लाख से अधिक पेड़, झाड़ियां और बांस की हेज लगाएंगे। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार, 1 अप्रैल को इस महत्वाकांक्षी अभियान की घोषणा की। योजना की निगरानी ‘फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ विभाग’ करेगा और सभी कार्यों की प्रगति ‘जीएपी पोर्टल’ के जरिए मॉनीटर की जाएगी। (पढ़े पूरी खबर)
राजधानी की सड़कों से हटेंगे 1.4 लाख चीनी CCTV कैमरे: दिल्ली में लगे चीनी मूल के सीसीटीवी कैमरों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश वर्मा ने 1 अप्रैल से इस अभियान की शुरुआत की। इस अभियान में आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में लगाए गए लगभग 1.4 लाख चीनी कैमरों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

