अनमोल मिश्रा, सतना। जिले के प्रियंवदा बिरला हॉस्पिटल में शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब ब्रेन ट्यूमर के ऑपरेशन के बाद महिला के पेट पर चीरा लगा होने की बात सामने आई। इस पर नाराज परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए और डॉक्टरों से जवाब-तलब करते हुए जमकर विवाद करने लगे। 

मामला सभापुर थाना क्षेत्र के ग्राम माजन निवासी 60 वर्षीय जमुनिया साकेत, पत्नी रामबल का है। परिजनों के अनुसार, 29 मार्च की सुबह करीब 4 बजे उनका बेटा जीतलाल और बहू जमुनिया को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान डॉक्टरों ने महिला को ब्रेन ट्यूमर होने की बात बताई। इसके बाद 1 अप्रैल को उसका ऑपरेशन किया गया। 

यह भी पढ़ें: ड्यूटी के दौरान झूम उठा पुलिसकर्मी, काली नृत्य के साथ जवान के डांस का Video वायरल

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद भी महिला को होश नहीं आया, बावजूद इसके शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घर ले जाने के बाद जब महिला के शरीर पर बंधी पट्टियां हटाई गईं, तो पेट पर भी चीरा लगा मिला। यह देख परिजन हैरान रह गए और उन्हें संदेह हुआ कि ऑपरेशन के दौरान शरीर के किसी अन्य अंग में भी हस्तक्षेप किया गया है। 

इसी शक के आधार पर परिजन और ग्रामीण दोबारा अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। 

यह भी पढ़ें: मौत को ‘टक’ से छूकर आया वापिस: चलती ट्रेन में चढ़ने के लिए दांव पर लगा दी जिंदगी, पैर फिसलने से गिरा नीचे और फिर…

पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ऑपरेशन चिकित्सा प्रक्रिया के तहत किया गया है और सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m