Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज सोमवार (6 अप्रैल) को नवादा पहुंचे, जहां उन्होंने राजद के पूर्व नेता और मंत्री राजबल्लभ प्रसाद यादव और जदयू की मौजूदा पार्टी विधायक विभा देवी के घर जाकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। गौरतलब है कि बीते दिनों जदयू विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव के छोटे बेटे अखिलेश यादव की एक सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान मौते हो गई थी।

विभा देवी ने अस्पताल पर लगाया आरोप

तेजस्वी यादव ने अखिलेश कुमार के असामयिक और दुखद निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की और पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान जदयू विधायक विभा देवी ने अस्पताल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने तेजस्वी से कहा कि, यदि समय पर उचित इलाज मिलता, तो अखिलेश की जान बच सकती थी। उनका आरोप है कि, अगर अस्पताल अखिलेश को 6-7 घंटे तक अपने पास नहीं रखा होता, तो आज उनका बेटा जीवित होता।

तेजस्वी ने दिलाया न्याय का भरोसा

विधायक ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और दस्तावेज भी नेता प्रतिपक्ष को सौंपे। तेजस्वी यादव ने भी उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि, अस्पताल प्रशासन और दोषी स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।

पटना में इलाज के दौरान हुई थी मौत

बता दें कि बीते महीने (19 मार्च) को यह घटना उस समय हुई थी, जब अखिलेश कुमार अपने आवास से कार लेकर कहीं जाने के लिए निकले। इसी दौरान अचानक अनियंत्रित होने की वजह से उनकी तेज रफ्तार कार एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोट आई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकाला और अखिलेश को इलाज के लिए तत्काल पटना भेजा गया। हालांकि यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अखिलेश के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

राजनीति से दूर रहते थे अखिलेश

घर के सबसे छोटे बेटे की असामयिक मौत से विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राजबल्लभ प्रसाद यादव का परिवार गहरे सदमे में है। उनके आवास पर स्थानीय नेता और उनके शुभचिंतक उन्हें इस दुख की घड़ी में सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। बता दें कि माता-पिता के राजनीति में होने के बावजूद मृतक अखिलेश राजनीति से दूर रहते थे। अपने मिलनसार स्वाभव की वजह से वह सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में काफी सक्रिय रहते थे।

ये भी पढ़ें- ‘तो जिले में होता मौत का तांडव’, पुलिस की दबिश से परेशान होकर जहरीली शराब कांड के दो माफियाओं ने किया आत्मसमर्पण