दिल्ली विधानसभा परिसर में कार घुसाने की घटना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। कार सवार सरबजीत के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद हुई पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले कारण बताए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरबजीत ने जानबूझकर अपनी कार विधानसभा परिसर में घुसाई ताकि पुलिस का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर सके। पूछताछ में उसने दावा किया कि उसका भांजा पिछले एक सप्ताह से लापता है और इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था।
आरोपी सरबजीत ने पूछताछ में बताया कि उसका भांजा 1 अप्रैल से लापता है और उसे अब तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। सरबजीत के अनुसार, उसने इस संबंध में दिल्ली पुलिस के हरी नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन उसे लगा कि उसके मामले पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसी निराशा में उसने यह खतरनाक कदम उठाने की योजना बनाई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका मानना था कि दिल्ली विधानसभा में कोई वरिष्ठ अधिकारी उसकी बात सुनेगा और उसके भांजे की तलाश में मदद करेगा। इसी सोच के तहत उसने अपनी कार विधानसभा परिसर में घुसा दी।
सरबजीत के पास से कोई हथियार बरामद नहीं
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सरबजीत शारीरिक रूप से मजबूत और आर्थिक रूप से सक्षम व्यक्ति है। जानकारी के अनुसार, उसने इसी साल फरवरी में नई टाटा सियारा खरीदी थी। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ और न ही उसकी गाड़ी में किसी तरह का हथियार मिला। हालांकि, उसने अपनी कार को ही एक तरह से हथियार की तरह इस्तेमाल किया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकत बेहद खतरनाक थी, क्योंकि गाड़ी किसी के ऊपर चढ़ सकती थी और गंभीर हादसा हो सकता था।
रास्ता बताने के लिए ऑटोवालों को कार में बैठाया था
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, आरोपी सरबजीत अकेला ही विधानसभा परिसर में गया था और उसके साथ कोई और मौजूद नहीं था। जानकारी के मुताबिक, सरबजीत को दिल्ली के रास्तों का पता नहीं था, इसलिए उसने दो टैक्सी चालकों को 2000 रुपये देकर अपनी गाड़ी में बिठाया और रास्ता दिखाने को कहा। उसने ड्राइवरों से कहा कि वह पार्लियामेंट जाना चाहता है। हालांकि, जांच में यह पाया गया कि कार में बैठे दोनों टैक्सी चालकों का इस मामले में कोई रोल नहीं था। फिर भी, एहतियात के तौर पर पुलिस उनसे अभी भी पूछताछ कर रही है। आरोपी सरबजीत का मेडिकल कराया गया है और उसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए तीस हजारी कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दे रही है।
पत्नी का दावा- सरबजीत का चल रहा इलाज
आरोपी सरबजीत की पत्नी ने शाहजहांपुर का एक मेडिकल पर्चा पुलिस को सौंपा है, जिसमें दावा किया गया है कि उसका इलाज चल रहा है। पुलिस इस पर्चे की सत्यता की जांच कर रही है। साथ ही, आरोपी के कॉल रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में लिए गए हैं ताकि मामले की परिस्थितियों और उसकी मंशा को स्पष्ट किया जा सके। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है, जिसमें आरोपी की मानसिक स्थिति, उसके भांजे की गुमशुदगी से जुड़ी परिस्थितियाँ और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा शामिल है।
सरबजीत का व्यवहार हिंसक होने का दावा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी का व्यवहार बेहद वायलेंट है। लॉकअप में रातभर उसने ग्रिल पकड़कर हिलाई, चिल्लाया और शोर मचाया। सूत्रों के अनुसार, सरबजीत उल्टी-सीधी बातें भी कर रहा था, जैसे कि “मेरे पास महाराजा की तलवार है।” फिलहाल पुलिस उसकी मानसिक स्थिति और मंशा की गहन जांच कर रही है। उससे पूछताछ लगातार जारी है, ताकि इस खतरनाक कदम के पीछे के कारण और उसकी योजनाओं का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
सरबजीत के घरवालों से पूछताछ
दिल्ली विधानसभा परिसर में कार घुसाने के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस पीलीभीत स्थित आरोपी सरबजीत के घर पर पहुंची और उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। परिवार ने दावा किया कि सरबजीत मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा में हुई चूक की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है। पूरे मामले की निगरानी विशेष आयुक्त स्तर के अधिकारी करेंगे ताकि सभी पहलुओं का समुचित मूल्यांकन किया जा सके।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरबजीत ने तेज गति से अपनी गाड़ी चलाते हुए गेट नंबर 2 को टक्कर मारी, जो सिविल लाइंस में शामनाथ मार्ग की ओर खुलता है। आरोप है कि उसने स्पीकर की आधिकारिक कार के अंदर गुलदस्ता और माला रख दी। पुलिस का कहना है कि एसयूवी में केवल आरोपी ही सवार था और वह कुछ देर तक गाड़ी के अंदर भी बैठा रहा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

