पानीपत। पानीपत के थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत हरिनगर कच्ची फाटक के पास सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रही 22 माह की मासूम बच्ची को एक पिकअप वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक बच्ची के पिता उवेश, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के संभल जिले के निवासी हैं, ने बताया कि उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। सोमवार को उनकी सबसे छोटी बेटी दुआ घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला जतिन अपनी पिकअप गाड़ी को पीछे की ओर कर रहा था।
गाड़ी बैक करते वक्त हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि गाड़ी बैक करते समय चालक को बच्ची दिखाई नहीं दी और वह वाहन की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

