अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले के धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक हैरान कर देने वाला और फिल्मी अंदाज का स्कूटी चोरी का मामला सामने आया है। जहां एक शातिर चोर खुद को घायल मरीज बताकर 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा। फिर वहां ANM की स्कूटी लेकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी वारदात परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एएनएम संगीता सिंह ने अपनी स्कूटी (MP 19 MW 4655) को अस्पताल की पार्किंग में खड़ा किया था। लेकिन कुछ देर बाद वह अचानक गायब हो गई। संदेह होने पर जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो जो सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया। फुटेज में दिखाई दिया कि एक 108 एंबुलेंस अस्पताल पहुंचती है, जिसमें चालक सहित तीन लोग सवार थे।
यह भी पढ़ें: मौसी की शादी में आई नाबालिग से दुष्कर्म: स्कूटी से किडनैप कर सुनसान इलाके में ले जाकर की दरिंदगी, 3 गिरफ्तार
इनमें से एक व्यक्ति, जिसकी पहचान खामिडोल निवासी रामानंद तिवारी के रूप में हुई, लंगड़ाते हुए एंबुलेंस से उतरा और मेडिकल स्टाफ से इलाज और एमएलसी की बात की, जिससे वह पूरी तरह एक घायल मरीज की तरह नजर आया,लेकिन कुछ ही देर बाद वही व्यक्ति बिना लंगड़ाए सामान्य तरीके से बाहर निकला और सीधे पार्किंग में पहुंचकर एएनएम की स्कूटी स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया। इस दौरान एंबुलेंस चालक और अन्य साथी भी वहां से निकल गए।
यह पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही एएनएम संगीता सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम में 108 एंबुलेंस चालक की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें: मामूली विवाद ने ली 16 साल के मासूम की जान: करही में भड़की हिंसा, आरोपी के घर-दुकान को किया आग के हवाले
पुलिस ने 108 एम्बुलेंस चालक अशोक बैगा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि उसे कॉल कर आरोपी ने खुद को एक्सीडेंट पीड़ित बताकर एंबुलेंस बुलवाई थी और इलाज के बहाने धनपुरी अस्पताल पहुंचा था। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने जानकारी देते हुए बताया कि जैतपुर क्षेत्र का एक शख्स 108 एंबुलेंस में इलाज करने के लिए अस्पताल आया था। जहां पार्किंग में खड़ी ANM की स्कूटी लेकर फरार हो गया। ANM की शिकायत पर से मामला दर्ज कर अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी चोर की पड़ताल की जा रही। 108 एंबुलेंस चालक से पूछताछ की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

