वीरेंद्र कुमार, नालंदा। बिहार के नालंदा जिले से दिल को दहला देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां बिंद थाना क्षेत्र में बेलगाम अपराधियों ने एक 26 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है, क्योंकि मृतक की शादी महज 6 दिन पहले ही हुई थी। मृतक युवक की पहचान सदरपुर गांव निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो मुकेश प्रसाद के पुत्र बताए जा रहे हैं।

मछली मारने के बहाने साथ ले गए थे दोस्त

परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात राहुल खाना खाने के बाद घर पर मौजूद था। तभी उसके दो दोस्त घर पहुंचे और उसे जीरायन नदी में मछली मारने के बहाने अपने साथ ले गए। परिवार को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जिन दोस्तों के साथ राहुल जा रहा है, वही उसकी मौत की वजह बनेंगे।

रविवार तड़के करीब 3 बजे राहुल के छोटे भाई के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसमें राहुल को गोली लगने की सूचना दी गई। परिजन जब सूर्य मंदिर के पास पहुंचे तो राहुल खून से लथपथ पड़ा मिला। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

20 अप्रैल को हुई थी शादी

सबसे मार्मिक बात यह है कि राहुल की शादी इसी महीने 20 अप्रैल को हुई थी। शादी की रस्में पूरी भी नहीं हुई थीं कि नई नवेली दुल्हन का सुहाग उजड़ गया। परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बिंद थाना अध्यक्ष मुरली आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से कुछ जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक के सिर के पीछे गोली मारी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।

ये भी पढ़ें- मौत का सामान लेकर घूम रहे दो तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई