Bihar Crime: बिहार की राजधानी पटना से मानवता को झकझोर कर रख देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां एक मां ने अपनी 5 महीने की मासूम बेटी की हत्या कर दी। इतना ही नहीं बेजुबान की हत्या करने के बाद उसने इसका इंजाम अपनी सांस के ऊपर डाल दिया। पूरा मामला मोकामा थाना क्षेत्र के मेकरा पंचायत की है।

पैसे को लेकर हुआ था पति से विवाद

मृत बच्ची की पहचान मेकरा पंचायत के वार्ड नंबर 6 की निवासी मुस्कान के रूप में हुई है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि आरोपी महिला जिसका नाम चांदनी देवी है। उसका पति गुजरात (गांधीनगर) में मजदूरी का काम करता है, जिसने अपनी बहन की शादी के लिए मां के खाते में 20 हजार रूपए भेजे थे। इस बात को लेकर चांदनी काफी गुस्से में थी, जिसे लेकर दोनों पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया।

बचाव करने आया बेटा भी हुआ घायल

शुरू में मामूली लग रहा विवाद इतना बढ़ गया की चांदनी देवी अपना आपा खो बैठी, गुस्से में आकर उसने बेजुबान 5 महीने की बच्ची को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। इस दौरान अपनी बहन को बचाने आया ढाई साल का बेटा अंकित भी चोटिल हो गया। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे गांव को हैरान कर दिया।

सास पर लगाया हत्या का आरोप

बच्ची की मौत के बाद आरोपी महिला ने मायके वालों के साथ मिलकर एक झूठी कहानी रची और अपनी सास निशा देवी पर बच्ची की हत्या का आरोप लगा दिया। हालांकि गांव के लोगों ने खुद उसे उसकी बच्ची का पिटाई करते हुए देखा था, जिससे उसका यह षड़यंत्र काम नहीं कर सका।

बच्चे ने खोली पोल

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने जब आरोपी महिला के बेटे से पूछताछ की तो उसने अपनी मां की करतूत पुलिस के सामने खोल दी। बच्चे ने मासूमियत भरे अंदाज में कहा कि मां ने ही बहन को मारा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी महिला को भेजा जेल

घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष कुणाण कुमार ने बताया कि, आरोपी चांदनी देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान उसने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना को लेकर पूरे गांव के लोगों में आक्रोश का माहौल है। लोग यह सोचकर हैरान हैं कि आखिर एक मां इतनी निर्दयी कैसे हो सकती है, जो अपने ही बच्ची की जान ले ले।

ये भी पढ़ें- शादी के 6 दिन बाद युवक की गोली मारकर हत्या, मछली मारने का बहाना बनाकर साथ ले गए थे दोस्त