Lifestyle Desk –देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ज़्यादा पहुँच चुका है. ऐसे में जहां लोग घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं, वहीं फिटनेस के शौकीनों के लिए अपनी दिनचर्या बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि गर्मी में वर्कआउट करना फायदेमंद तो है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही आपको डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं की ओर धकेल सकती है.

गर्म मौसम में शरीर का तापमान तेजी से बढ़ता है और पसीने के रूप में पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स बाहर निकल जाते हैं. अगर इस नुकसान की भरपाई समय पर नहीं की गई, तो शरीर थकान, चक्कर और कमजोरी महसूस करने लगता है. ऐसे में जरूरी है कि आप अपनी फिटनेस रूटीन में कुछ अहम बदलाव करें. आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से.

सही समय का करें चुनाव
गर्मी में वर्कआउट के लिए सुबह जल्दी या देर शाम का समय सबसे सुरक्षित माना जाता है. इस दौरान तापमान अपेक्षाकृत कम होता है, जिससे शरीर पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता. दोपहर के समय एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए, क्योंकि यह समय सबसे ज्यादा गर्म होता है.

हाइड्रेशन है सबसे जरूरी
वर्कआउट से पहले, दौरान और बाद में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है. सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि नारियल पानी, छाछ या इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक्स भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं. ध्यान रखें कि प्यास लगने का इंतजार न करें, बल्कि नियमित अंतराल पर तरल पदार्थ लेते रहें.

हल्के और सांस लेने योग्य कपड़े पहनें
वर्कआउट के दौरान ढीले-ढाले और हल्के रंग के कपड़े पहनना बेहतर होता है. कॉटन या ड्राई-फिट फैब्रिक शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं और पसीने को जल्दी सोख लेते हैं. इंटेंसिटी को रखें कंट्रोल में
तेज गर्मी में हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट से बचना चाहिए. इसके बजाय हल्के या मध्यम स्तर की एक्सरसाइज जैसे योग, स्ट्रेचिंग या वॉकिंग को प्राथमिकता दें. इससे शरीर पर कम दबाव पड़ता है और फिटनेस भी बनी रहती है.

शरीर के संकेतों को नजरअंदाज न करें
अगर वर्कआउट के दौरान चक्कर आना, अत्यधिक पसीना, मतली या सिरदर्द जैसी समस्याएं महसूस हों, तो तुरंत रुक जाएं और ठंडी जगह पर आराम करें. ये हीट स्ट्रेस के संकेत हो सकते हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना खतरनाक साबित हो सकता है.

डाइट का भी रखें ध्यान
गर्मी में हल्का और पौष्टिक आहार लेना चाहिए. ताजे फल, सलाद और पानी से भरपूर चीजें जैसे खीरा, तरबूज और संतरा शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि थोड़ी समझदारी और सही आदतों के साथ आप भीषण गर्मी में भी अपनी फिटनेस को बरकरार रख सकते हैं. जरूरी है कि आप अपने शरीर की सुनें और मौसम के अनुसार अपनी दिनचर्या में बदलाव करें.