पटना। शहर से सटे बाढ़ इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां दयाचक मोहल्ला में एक महिला को डायन बताकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। हमलावरों ने महिला को तब तक पीटा जब तक वह बेहोश नहीं हो गई। इसके बाद वे उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से हमला
पीड़िता की पहचान अंजलि देवी के रूप में हुई है। अंजलि के अनुसार, वह अपनी दुकान पर बैठी थी, तभी अचानक 8 से 10 लोगों की भीड़ वहां पहुंची। इस भीड़ में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल थे। उन्होंने अंजलि पर ‘डायन’ होने का आरोप लगाते हुए अभद्र गालियां देनी शुरू कर दीं। जब अंजलि ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
रिश्तेदारों पर ही लगा गंभीर आरोप
अंजलि देवी ने अस्पताल में इलाज के दौरान बताया कि हमला करने वालों में उनकी अपनी मौसी और मामी सहित पांच महिलाएं और तीन नकाबपोश युवक शामिल थे। पीड़ित महिला का आरोप है कि ये रिश्तेदार पहले भी दो बार उसे ‘डायन’ कहकर प्रताड़ित कर चुके हैं और उन पर उनके बच्चे को ‘खाने’ का बेबुनियाद आरोप लगाते हैं।
पुलिस की भूमिका पर सवाल और वायरल वीडियो
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो में कथित तौर पर पुलिस की मौजूदगी में ही पीड़ित महिला के साथ मारपीट होती दिख रही है। अंजलि के पति दीपक कुमार ने बताया कि जब वह घर लौटे, तो उनकी पत्नी लहूलुहान और अचेत अवस्था में पड़ी थी।
मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पीड़िता को आनन-फानन में बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। अंजलि के परिजनों ने बाढ़ थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

