Lifestyle Desk – गर्मी का मौसम अपने साथ तेज धूप, उमस, पसीना और प्रदूषण कैसी ढेरों समस्याएं लेकर आता है, जिसका सीधा असर हमारी स्किन पर पड़ता है. इस दौरान स्किन ऑयली, बेजान और थकी हुई नजर आने लगती है. ऐसे में हम महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स की तरफ भागते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं इन सबके बजाय एक आसान और घरेलू उपाय आपकी त्वचा को तुरंत राहत दे सकता है, आइस क्यूब से चेहरे की मसाज. यह तरीका न सिर्फ सस्ता है, बल्कि सही तरीके से अपनाया जाए तो त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद साबित होता है. आइए जानते हैं इसके फायदे, सही समय और इस्तेमाल का तरीका.

तुरंत मिलती है ठंडक

आइस क्यूब से चेहरे की मसाज करने से त्वचा को तुरंत ठंडक मिलती है, जिससे सनबर्न और जलन में राहत मिलती है. यह त्वचा के पोर्स (रोमछिद्र) को टाइट करने में मदद करता है, जिससे चेहरे पर ऑयल कम नजर आता है और स्किन स्मूद दिखती है.

ब्लड सर्कुलेशन बेहतर

आइस मसाज ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाती है, जिससे चेहरे पर नेचुरल ग्लो आता है. अगर आपकी आंखों के नीचे सूजन या डार्क सर्कल्स हैं, तो आइस क्यूब का इस्तेमाल उन्हें कम करने में भी मदद कर सकता है.

कब करें आइस मसाज?

आइस क्यूब से मसाज करने का सबसे अच्छा समय सुबह होता है. सुबह उठकर चेहरा धोने के बाद आइस मसाज करने से त्वचा पूरे दिन फ्रेश और एनर्जेटिक महसूस करती है. इसके अलावा, बाहर से घर लौटने के बाद भी आप इसे इस्तेमाल कर सकते हैं, ताकि त्वचा को तुरंत ठंडक और आराम मिले. मेकअप करने से पहले आइस मसाज करने से स्किन स्मूद हो जाती है, जिससे मेकअप लंबे समय तक टिकता है.

कैसे करें सही तरीके से इस्तेमाल?

  1. सीधे आइस क्यूब को त्वचा पर लगाने की बजाय उसे एक साफ कॉटन कपड़े या रुमाल में लपेट लें. इसके बाद हल्के हाथों से चेहरे पर गोल-गोल घुमाते हुए मसाज करें. एक जगह पर ज्यादा देर तक आइस न रखें, इससे त्वचा को नुकसान हो सकता है.
  2. आप चाहें तो साधारण पानी की जगह ग्रीन टी, गुलाब जल या खीरे के रस से बने आइस क्यूब का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे फायदे और भी बढ़ जाते हैं.

इन बातों का रखें ध्यान

  1. अगर आपकी त्वचा बहुत संवेदनशील है या आपको किसी तरह की स्किन एलर्जी है, तो आइस मसाज करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें. दिन में 1-2 बार से ज्यादा इसका इस्तेमाल न करें और मसाज का समय 5-10 मिनट से ज्यादा न हो.
  2. 4-गर्मी के मौसम में त्वचा की देखभाल बेहद जरूरी होती है. ऐसे में आइस क्यूब मसाज एक आसान, प्राकृतिक और असरदार तरीका है, जो आपकी स्किन को तुरंत फ्रेश, ग्लोइंग और हेल्दी बना सकता है.