Bargi Cruise Accident: जबलपुर। बरगी में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री ने लापरवाही बरतने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई की है। तीन लोगों की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच संस्थित की गई है। दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शासन हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

ये है पूरा मामला

दरअसल, जबलपुर के बरगी डैम में हर दिन की तरह गुरुवार की शाम सैलानी क्रूज का आनंद ले रहे थे। इस बीच अचानक तेज हवा और आंधी चलने लगी, जिससे क्रूज डगमगाने लगा और देखते ही देखते पानी में डूबने लगा। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। इसके पहले संभल पाते कि क्रूज सवार 30 से ज्यादा लोग एक-एक कर डूबने लगे।

स्थानीय लोगों ने की बचाने की कोशिश

डैम में लोगों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एनडीईआरएफ, एसडीईआरएफ, आर्मी, गोताखोर और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। लापता सैलानियों की खोजबीन के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। खबर लगते ही मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, बरगी विधायक नीरज सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और जबलपुर एसपी भी मौके पर पहुंचे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m