पटना। बिहार की राजधानी के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ईसापुर राय चौक के पास हुई इस घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास, ससुर और ननद को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

​आधी रात को मिली मौत की खबर

​घटना रविवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार, मृतका मोनिका कुमारी (33 वर्ष) के पिता उमेश प्रसाद यादव को उनके दामाद के बहनोई रतनलाल ने सूचना दी कि मोनिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब पिता अपने परिजनों के साथ पटना के गोलघर शिव मंदिर इलाके से फुलवारी शरीफ पहुंचे, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। मोनिका का शव फंदे पर नहीं, बल्कि बिस्तर पर पड़ा था, जिससे हत्या का संदेह गहरा गया।

​सोने की चेन के लिए प्रताड़ना का आरोप

​मोनिका की शादी 19 नवंबर 2017 को राय चौक निवासी जगदीश यादव के पुत्र जितेंद्र कुमार के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से सोने की चेन की मांग की जा रही थी। पिता उमेश प्रसाद यादव के अनुसार, जितेंद्र (40 वर्ष) की नौकरी छूटने के बाद उन्होंने ₹20,000 की आर्थिक मदद देकर उसकी दूसरी जगह नौकरी भी लगवाई थी, लेकिन इसके बावजूद लालच कम नहीं हुआ और मोनिका को लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

​साजिश के तहत हत्या का दावा

​मृतिका के पिता ने पुलिस को दिए बयान में स्पष्ट आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने कहा कि मोनिका की गला दबाकर हत्या की गई और पुलिस व मायके वालों को गुमराह करने के लिए इसे ‘सुसाइड’ का रूप देने की कोशिश की गई। बिस्तर पर शव का मिलना और शरीर पर चोट के निशान इस ओर इशारा कर रहे हैं।

​कानूनी कार्रवाई और हिरासत

​फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स (AIIMS) भेज दिया है। पुलिस ने मायके पक्ष के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए पति जितेंद्र कुमार, ससुर जगदीश यादव, सास कांति देवी और ननद मीना कुमारी को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।