पीयूष जायसवाल, नागदा। उज्जैन जिले के नागदा से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां घरेलू कलह ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। शहर के वार्ड क्रमांक 26 इंद्रपुरी क्षेत्र में बुधवार रात एक व्यक्ति ने विवाद के बाद अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और फिर खुद को भी आग के हवाले कर दिया। इस आत्मघाती कदम में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी, सास और पड़ोस की एक ढाई साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई हैं।

विवाद ने लिया विकराल रूप

जानकारी के अनुसार आरोपी अनिल का अपनी पत्नी तनु के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि अनिल ने आपा खो दिया और घर में रखे पेट्रोल को पत्नी तनु और सास कालीबाई पर छिड़क कर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

चपेट में आई मासूम बच्ची

इस घटना के दौरान पड़ोस में खेल रही ढाई साल की मासूम बच्ची दीक्षा भी आग की लपटों की चपेट में आ गई। बच्ची की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

गंभीर हालत में उज्जैन रेफर

सभी घायलों को तुरंत जनसेवा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज, उज्जैन रेफर कर दिया गया है। डॉक्टर के अनुसार तीनों घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला पूरी तरह घरेलू कलह से जुड़ा नजर आ रहा है लेकिन घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m