नूंह के ऐतिहासिक नल्हड़ मंदिर में 11 मई को जिला स्तरीय सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन होगा, जिसकी तैयारियों के लिए डीसी अखिल पिलानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

सोनू वर्मा, नूंह। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में 11 मई को जिला स्तर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन नल्हड़ मंदिर में किया जाएगा। उपायुक्त अखिल पिलानी ने गुरुवार को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जिम्मेदारियां सौंपीं।

बड़ी संख्या में भाग लेंगे श्रद्धालु

उन्होंने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा तथा जिला स्तर पर इसका आयोजन नल्हड़ मंदिर परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। यह यात्रा नल्हड़ मंदिर परिसर तक पहुंचेगी, जहां शिवलिंग पर विधिवत जलाभिषेक किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसे उपस्थित श्रद्धालु लाइव देख और सुन सकेंगे।

आस्था और सांस्कृतिक चेतना का बनेगा वातावरण

उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि नल्हड़ मंदिर परिसर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक चेतना का वातावरण बनेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, यातायात तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, डीएमसी दलबीर सिंह, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सारवान, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सीमा प्रसाद सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।