हरियाणा सरकार के 'नशा मुक्त हरियाणा' संकल्प के तहत अंबाला रेंज पुलिस ने 436 मामलों से जुड़े लगभग 31 क्विंटल नशीले पदार्थों को विधिपूर्वक नष्ट किया।
अनिल शर्मा, अंबाला। प्रदेश सरकार के ‘नशा मुक्त हरियाणा’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए आज जिला रेंज पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। अंबाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) पंकज नैन की अध्यक्षता में नशा तस्करों से जब्त किए गए लगभग 31 क्विंटल अवैध मादक पदार्थों को विधिपूर्वक नष्ट किया गया। भड़ोग स्थित M/S Rudraksh Envirocare (P) Ltd फैक्ट्री के परिसर में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यवाही के दौरान अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। आईजीपी ने इस बड़ी कामयाबी के लिए रेंज के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई।

पारदर्शिता के साथ 436 मामलों के नशे का निपटारा
कानूनी प्रक्रिया और पारदर्शिता का पालन करते हुए अंबाला रेंज के तीनों जिलों के कुल 436 मामलों से संबंधित नशीले पदार्थों का निस्तारण किया गया। इसमें कुल 30 क्विंटल 83 किलो 90 ग्राम और 231 मिलीग्राम नशीले पदार्थों को सुरक्षित रूप से आग के हवाले किया गया। यह भारी खेप रेंज पुलिस द्वारा विभिन्न विशेष अभियानों के दौरान नशा तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर बरामद की गई थी। आईजीपी पंकज नैन ने कहा कि नशे के विरुद्ध पुलिस की यह कार्रवाई ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का हिस्सा है। इतनी बड़ी मात्रा में नशे का विनष्टीकरण समाज को यह संदेश देता है कि अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं है।

तस्करों की संपत्ति होगी अटैच और सख्त सजा
इस अवसर पर आईजीपी पंकज नैन ने नशा तस्करों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नशा तस्करी के काले कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधियों की प्रॉपर्टी अटैच करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। साथ ही, आदतन अपराधियों पर प्रीवेंटिव एक्शन (निवारक कार्रवाई) लेकर उन्हें लंबे समय के लिए जेल भेजा जा रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल नशा पकड़ना नहीं, बल्कि नशे की जड़ यानी तस्करों के आर्थिक साम्राज्य को भी पूरी तरह से ध्वस्त करना है।

युवाओं से अपील और नागरिकों की भागीदारी
आईजीपी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे नशे जैसी जानलेवा लत से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को शिक्षा व खेलकूद जैसी रचनात्मक गतिविधियों में लगाकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने नागरिकों से सहयोग मांगते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में जनता पुलिस की ‘आंख और कान’ बने। यदि आपके आसपास कोई नशा बेचता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें; सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। इस विनष्टीकरण प्रक्रिया के दौरान एसपी अंबाला अजीत सिंह शेखावत, एसपी कुरुक्षेत्र चंद्रमोहन, और एसपी यमुनानगर कमलदीप गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

