चरखी दादरी के छपार गांव में महिला पंच ज्योति ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर बाथरूम में खुद को आग लगा ली। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुष्पेंद्र कुमार, चरखी दादरी। जिले के गांव छपार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय महिला पंच ज्योति ने बुधवार को बाथरूम में आग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें इस मौत का जिम्मेदार ठहराया है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप

पुलिस को दिए बयान में बाढड़ा उपमंडल के हुई गांव निवासी और मृतका के पिता सुमेर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी दो बेटियों, ज्योति और निशा की शादी छपार गांव में की थी। आरोप है कि ज्योति का पति प्रवीन, निशा का पति अरविंद, सास संतोष और ससुर युद्धवीर दोनों बेटियों को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से तंग करते थे। प्रताड़ना से परेशान होकर बड़ी बेटी निशा पहले ही अपने मायके में रहने लगी थी, जबकि छोटी बेटी ज्योति अपने ससुराल में ही रह रही थी और इस उत्पीड़न का सामना कर रही थी।

मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

बुधवार को मायके पक्ष को सूचना मिली कि ज्योति ने घर की पहली मंजिल पर बने बाथरूम में खुद को आग लगा ली है। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक ज्योति की मृत्यु हो चुकी थी। सदर थाना पुलिस ने मृतका के पिता सुमेर सिंह के बयान पर पति प्रवीन, सास संतोष, ससुर युद्धवीर और जेठ रविंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने (IPC की संबंधित धाराओं) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगामी तफ्तीश जारी है।