चंडीगढ़। चंडीगढ़ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को बड़ी आर्थिक राहत दी। इस अवसर पर उन्होंने कई योजनाओं के तहत सीधे बैंक खातों में हजारों करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना की सातवीं किस्त के तहत 9 लाख 76 हजार महिलाओं के खातों में कुल 205 करोड़ रुपये भेजे गए। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 35 लाख 62 हजार लाभार्थियों को 1146 करोड़ 73 लाख रुपये की राशि जारी की गई।
शिक्षा क्षेत्र में भी बड़ा लाभ देते हुए 64,923 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के रूप में 100 करोड़ 45 लाख रुपये प्रदान किए गए। वहीं दयालु योजना के तहत 5,677 परिवारों को 215 करोड़ 29 लाख रुपये की सहायता दी गई।
महिलाओं को राहत देते हुए गैस सिलेंडर सब्सिडी के रूप में 11 लाख 23 हजार लाभार्थियों के खातों में 38 करोड़ 54 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। वहीं खरीफ 2025 फसल नुकसान मुआवजा योजना के तहत 1.5 लाख से अधिक किसानों को 370 करोड़ 52 लाख रुपये की राहत राशि दी गई।
सरकार ने बताया कि भावांतर भरपाई योजना के तहत भी आलू और फूलगोभी किसानों को 38 करोड़ 88 लाख रुपये की सहायता दी गई है।
कार्यक्रम में सरकार ने किसानों के लिए डिजिटल सुविधाओं की भी शुरुआत की। अब किसानों को J-Form सीधे व्हाट्सएप पर प्राप्त होगा, जिससे उन्हें आढ़तियों के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके साथ ही ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम भी लॉन्च किया गया, जिससे प्रक्रियाएं तेज होंगी और पारदर्शिता बढ़ेगी।
सरकार के अनुसार, पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 9,888 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम दिए गए हैं। वहीं अब तक 82.55 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर किसानों को 16,481 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

