बलरामपुर: तेन्दूपत्ता संग्रहण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने एवं अन्य राज्यों से होने वाले अवैध तेन्दूपत्ता कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से सोमवार को प्रबंध संचालक एवं वनमंडलाधिकारी बलरामपुर अलोक बाजपेयी तथा उप प्रबंध संचालक ने सीमावर्ती संवेदनशील फड़ों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों एवं फड़ प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने प्राथमिक लघु वनोपज समिति ढढीया अंतर्गत फड़ ढढीया एवं कछिया का निरीक्षण कर कर्मचारियों को केवल अच्छी गुणवत्ता वाले बीड़ी निर्माण योग्य 50 पत्तों की गड्डी संग्रहित करने के निर्देश दिए। इसके बाद वन परिक्षेत्र रघुनाथनगर के मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश सीमावर्ती क्षेत्र स्थित गिरवानी, केसारी, बभनी, झापर एवं चपोता फड़ों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अवैध तेन्दूपत्ता परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए बनाए गए अस्थायी बैरियरों की व्यवस्था भी देखी गई। अधिकारियों ने संबंधित पोषक अधिकारी एवं समिति प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में अवैध तेन्दूपत्ता की खरीदी या परिवहन न होने पाए। लापरवाही अथवा संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

इसके बाद अंतरराज्यीय बैरियर धनवार का निरीक्षण कर वाहनों की जांच व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बैरियर पंजी की जांच करते हुए निर्देशित किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जाए, ताकि अवैध वनोपज परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

वन विभाग के अधिकारियों ने सभी परिक्षेत्र अधिकारियों, समिति प्रबंधकों एवं फड़मुन्शियों को संवेदनशील फड़ों का चिन्हांकन कर नियमित दौरा एवं बैठक करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों से समन्वय स्थापित कर अन्य राज्यों से तेन्दूपत्ता लाकर प्रदेश में अवैध बिक्री करने वाले बिचौलियों पर सख्ती बरतने को कहा गया।

अधिकारियों ने तेन्दूपत्ता संग्रहण के दौरान बोरा भराई, भंडारण एवं गड्डियों की संख्या संघ मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार सुनिश्चित करने के साथ-साथ वनाग्नि से बचाव हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि संग्राहकों को उचित पारिश्रमिक दिलाने एवं वनवासी परिवारों को लाभान्वित करने के लिए पूरे कार्य में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

