Bihar News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मंगलवार को दिल्ली में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह तथा बिहार विधान परिषद के सभापति संजय झा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। नीतीश और मोदी की मुलाकात उस समय हुई है, जब बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है, जिसे लेकर राज्य और केंद्र की राजनीति में सुगबुगाहट तेज हो गई है। वहीं, नीतीश और पीएम मोदी की मुलाकात पर राजद सांसद मीसा भारती की प्रतिक्रिया सामने आई है।
नीतीश-मोदी की मुलाकात पर मीसा भारती का बयान
राजद सांसद मीसा भारती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की मुलाकात पर कहा कि, मुलाकात कोई बड़ी बात नहीं है। वो इस देश के प्रधानमंत्री हैं और नीतीश कुमार क्या मुद्दे लेकर गए थे, क्या बिहार के मुद्दे पर उनसे मुलाकात हुई है या बांकीपुर के नतीजों पर चर्चा हुई, यह तो वो दो लोग ही बता पाएंगे।
प्रशांत किशोर को बताया भाजपा की बी टीम
वहीं, बांकीपुर के नतीजों पर मीसा भारती ने कहा कि, हम लोगों ने कहा कि प्रशांत किशोर भाजपा की B टीम है। भारतीय जनता पार्टी के असली उम्मीदवार वही हैं, तो भाजपा की वहां हार कहां हुई है? ये भारतीय जनता पार्टी की अंदरुनी राजनीति है और मैंने कहा था कि जो शीर्ष नेतृत्व है, वो एक तीर चलाकर कई निशाने साध रही है। अभी तक भाजपा के किसी बड़े नेता का इस पर बयान नहीं आया है तो यह कुछ संदेश तो दे रहा है।
ललन सिंह ने बताया अनौपचारिक मुलाकात
वहीं, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि, नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के रूप में आए हैं। राज्यसभा सदस्य के रूप में नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की है। प्रधानमंत्री के साथ उनकी अनौपचारिक मुलाकात थी।
हालांकि, आधिकारिक तौर पर भले ही इसे एक शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा हो, लेकिन इसके कई अन्य मायने भी निकल रहे हैं। बैठक में राज्य के विकास कार्यों, केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति और आगामी राजनीतिक समीकरणों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- पटना में हंगामा: CM आवास का घेराव करने निकले छात्रों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल, कई डिटेन


