अलीगढ़ के विष्णुपुरी इलाके में रविवार देर शाम एक युवक ने खिड़की से रिवॉल्वर लहराकर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया. युवक पर पैसों के विवाद में अपने रिटायर्ड पुलिसकर्मी पिता को फ्लैट में बंद कर मारपीट करने का भी आरोप है, जबकि घटना में किसी के घायल होने की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है.
अलीगढ़. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी इलाके में रविवार देर शाम एक युवक के फ्लैट की खिड़की से रिवॉल्वर लहराकर फायरिंग करने से हड़कंप मच गया. युवक पर अपने रिटायर्ड पुलिसकर्मी पिता को फ्लैट में बंद कर उनके साथ मारपीट करने का भी आरोप है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को हिरासत में ले लिया.
पैसों को लेकर विवाद
पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल ने बताया कि डायल-112 के जरिए विष्णुपुरी क्षेत्र में एक युवक के खुद को कमरे में बंद करने की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक का अपने पिता से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था.
विवाद के दौरान युवक ने कथित तौर पर अपने पिता पर रिवॉल्वर तान दी और उनके साथ मारपीट की. इसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया और खिड़की से फायरिंग करने लगा.
पुलिस ने हिरासत में लिया
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारी और स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने युवक को बातचीत में उलझाए रखा और इसके बाद छत तथा खिड़की के रास्ते उसके पास पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया.
पुलिस ने आरोपी युवक के कब्जे से रिवॉल्वर भी बरामद कर लिया है. घटना के बाद इलाके में काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही.
जांच में जुटी पुलिस
एसपी सिटी आदित्य बंसल के अनुसार, युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है. उसके नशा मुक्ति केंद्र में रहने की बात भी सामने आई है.
पुलिस टीम मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. रिवॉल्वर और फायरिंग से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है. घटना में किसी के घायल होने की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है.


