भोपाल/पन्ना/छतरपुर/टीकमगढ़। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून की धुआंधार बारिश का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के पूर्वी और बुंदेलखंड हिस्से में अनवरत हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। कई जिलों में नदी-नाले रौद्र रूप में उफान पर हैं तो बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण उनके गेट खोलने पड़े हैं। स्थिति यह है कि पन्ना में जहां पूरा का पूरा गांव टापू बन गया है और SDRF की टीमें रेस्क्यू के लिए मैदान में हैं वहीं सतना में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और थाना परिसर तक जलमग्न हो चुका है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल में धीरे-धीरे बढ़ रहा बांधों का जलस्तर

संजय पाटीदार, भोपाल। प्रदेश में मानसून का सबसे ज्यादा असर पूर्वी और मध्य हिस्से में देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। शनिवार को रीवा, सीधी, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं राजधानी भोपाल में हल्की से माध्यम रिमझिम का दौर जारी है, जिससे कलियासोत, कोलार और भदभदा डेम का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश में अब तक करीब 26.9 इंच बारिश दर्ज हुई है जो सामान्य से करीब 2.6 इंच कम है।

पन्ना में बारिश का तांडव, ‘उमरी’ गांव बना टापू, SDERF टीम रवाना

इदरीश मोहम्मद, मोहम्मद। पन्ना जिले में कुदरत का भीषण कहर देखने को मिला है। शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक हुई अनवरत मूसलाधार बारिश ने बृजपुर और आसपास के क्षेत्रों में तबाही मचा दी है। दर्जनों गांव पानी में डूब गए हैं। धरमपुर नाला पुल से 2 फीट ऊपर बहने से पन्ना-पहाड़ीखेड़ा मार्ग कई घंटों ठप रहा। सबसे चिंताजनक हालात पहाड़ीखेड़ा के उमरी गांव के हैं जो चारों तरफ से पानी से घिरकर टापू बन गया है। ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने के लिए पन्ना जिला मुख्यालय से SDRF और राहत-बचाव दल को रवाना किया गया है।

खजुराहो के लहचूरा बांध के 9 गेट खोले, धसान नदी में छोड़ा 1.17 लाख क्यूसेक पानी

शशांक द्विवेदी, खजुराहो। एमपी-यूपी बॉर्डर पर स्थित चौधरी चरण सिंह लहचूरा डैम और देवरी डैम में पानी की प्रचंड आवक हो रही है। जलस्तर बढ़ने के कारण छतरपुर जिले के हरपालपुर स्थित लहचूरा बांध के 17 में से 9 गेट खोलकर धसान नदी में 1,17,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। प्रशासन ने धसान नदी के किनारे बसे गांवों, चरवाहों और मछुअरों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।

टीकमगढ़ के बानसुजारा बांध के खुले 8 गेट, धसान नदी का जलस्तर 5 फीट बढ़ा

टीकमगढ़। जिले में लगातार रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश के कारण बानसुजारा बांध में पानी का दबाव बेहद बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बानसुजारा बांध के 8 गेट खोल दिए गए हैं, जिससे बांध के निचले हिस्से में धसान नदी का जलस्तर अचानक 4 से 5 फीट तक बढ़ गया है। बांध प्रबंधन और जिला प्रशासन ने तटीय इलाकों में मुनादी करवाकर लोगों को नदी क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m