Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद सीकर जिले में टिकट बंटवारे को लेकर दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। कांग्रेस ने सीकर नगर परिषद में पति-पत्नी और ससुर-बहू को अलग-अलग वार्डों से उम्मीदवार बनाया है। वहीं भाजपा ने पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी के 24 वर्षीय पोते यश जलधारी को वार्ड नंबर 11 से मैदान में उतारा है। लक्ष्मणगढ़ में भी भाजपा ने पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश जोशी की पत्नी और पुत्रवधू को अलग-अलग वार्डों से टिकट दिया है।

पति-पत्नी को अलग-अलग वार्ड से टिकट

सीकर नगर परिषद में कुल 65 वार्ड हैं। कांग्रेस ने वार्ड नंबर 15 से निवर्तमान सभापति जीवण खां और वार्ड नंबर 16 से उनकी पत्नी खतीजा बानो को प्रत्याशी बनाया है।

इसी तरह वार्ड नंबर 34 से पूर्व उपसभापति अशोक चौधरी को और वार्ड नंबर 40 से उनकी बहू किरण चौधरी को टिकट मिला है। इस तरह एक ही परिवार के चार सदस्य अलग-अलग वार्डों से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

परिवार के दो सदस्यों को टिकट मिलने के सवाल पर जीवण खां ने इसे परिवारवाद मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी खतीजा बानो उनसे ज्यादा सीनियर हैं।

जीवण खां के मुताबिक, खतीजा बानो ने सबसे पहले पार्षद का चुनाव लड़ा था। इसके बाद उन्होंने उपचुनाव जीता और लगातार दो बार पार्षद रहीं। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की मांग थी कि खतीजा बानो उनके वार्ड से चुनाव लड़ें। वार्ड की सहमति के बाद पार्टी से टिकट की मांग की गई और कांग्रेस ने इसे स्वीकार किया।

उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और वार्ड की महिलाओं ने विधायक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को फोन कर खतीजा बानो के लिए टिकट मांगा था। बगावत की संभावना के सवाल पर जीवण खां ने कहा कि कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता उनके साथ हैं और दोनों ही सीनियर हैं।

ससुर-बहू भी आमने-सामने चुनावी मैदान में

पूर्व उपसभापति और वार्ड नंबर 34 से कांग्रेस प्रत्याशी अशोक चौधरी ने बताया कि पिछली बार वह दूसरे वार्ड से पार्षद चुने गए थे। उनके बेटे भी दूसरे वार्ड से पार्षद रहे हैं। इस बार पार्टी ने उन्हें फिर से टिकट दिया है, जबकि उनके बेटे की जगह महिला वार्ड होने के कारण बहू किरण चौधरी को वार्ड नंबर 40 से उम्मीदवार बनाया गया है।

अशोक चौधरी ने दावा किया कि पिछली बार उनके बेटे ने 1,314 वोटों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी। वहीं उन्होंने खुद 594 वोटों से चुनाव जीता था। उन्होंने कहा कि टिकट वार्ड की मांग और मतदाताओं के आशीर्वाद का परिणाम है।

परिवारवाद के सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा कि परिवारवाद नहीं होता। वार्ड में जो काम करने वाले होते हैं, उन्हें टिकट मिलता है।

भाजपा ने 24 साल के यश जलधारी को दिया टिकट

कांग्रेस के टिकट बंटवारे के बीच भाजपा ने पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी के 24 वर्षीय पोते यश जलधारी को वार्ड नंबर 11 से उम्मीदवार बनाया है। वहीं लक्ष्मणगढ़ में भाजपा ने पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश जोशी की पत्नी और पुत्रवधू को भी अलग-अलग वार्डों से टिकट दिया है।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब सीकर जिले के निकाय चुनाव में प्रत्याशियों और उनके राजनीतिक परिवारों की भूमिका भी चर्चा में है। आने वाले चरणों में नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद मुकाबले की अंतिम तस्वीर साफ होगी।

पढ़ें ये खबरें