पटना। जिले के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सबलपुर स्थित गंगा नदी से सोमवार देर शाम एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र लगभग 18 वर्ष आंकी जा रही है। नदी में शव को पानी पर तैरता देख स्थानीय मछुआरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मछुआरों की सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मछुआरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन युवक की पहचान से जुड़ा कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। शव के पास से किसी प्रकार का पहचान पत्र या दस्तावेज भी बरामद नहीं हुआ है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पटना के एनएमसीएच (नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल) भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पहचान के प्रयास तेज
नदी थाना प्रभारी शंकर झा ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को युवक के संबंध में जानकारी हो तो तत्काल थाना से संपर्क करें। मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


