पटना। जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगरियावां गांव में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के एक अधिकारी के पैतृक घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, NIA में सब-इंस्पेक्टर पद पर तैनात नीरज कुमार का पैतृक घर सिंगरियावां गांव में स्थित है। नीरज कुमार फिलहाल अपने परिवार के साथ पटना में रहते हैं। इसी बीच अज्ञात चोरों ने उनके गांव स्थित घर को निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने अलमारी और संदूक के ताले भी तोड़ डाले। घर में रखे सोने-चांदी के चार अदद जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।

गांव वालों की सूचना पर पहुंचे परिजन

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने नीरज कुमार को दी। सूचना मिलते ही वह अपनी मां रीता देवी के साथ गांव पहुंचे। घर की स्थिति देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद रीता देवी ने शाहजहांपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें करीब पांच लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने की बात कही गई है।

पुलिस और FSL टीम ने की जांच

सूचना मिलते ही शाहजहांपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी मुन्ना दास ने बताया कि चोरी की सटीक तिथि स्पष्ट नहीं है, क्योंकि घर में कोई सदस्य स्थायी रूप से नहीं रहता। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम की सहायता ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।