Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिल्हा थाना पुलिस ने रात्रि में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने बिल्हा और चकरभाठा क्षेत्र में 4 जगह चोरी को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी अशोक दास मानिकपुरी को गिरफ्तार कर सफलता हासिल की, उसके कब्जे से चोरी का 1 लैपटॉप, 12 पैकेट सिगरेट, 2 पैकेट राजश्री जप्त किया गया है.


वाहन टक्कर के बाद चाकूबाजी
सिविल लाइन थाना इलाके में वाहन टक्कर के बाद पैसे की मांग को लेकर मारपीट और चाकूबाजी की वारदात हुई. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी शानू उर्फ अश्वनी यादव को गिरफ्तार किया है. वहीं 4 अपचारी बालक को हिरासत में लिए गए है. चाकूबाजी करने वालों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.
माघी पूर्णिमा मेले का समापन आज
रतनपुर. माघी पूर्णिमा एवं आदिवासी विकास मेला का समापन आज होगा. समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय आवासन राज्य मंत्री तोखन साहू मचस्थ रहेंगे. वही कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक करेंगे. उल्लेखनीय है कि रतनपुर का ऐतिहासिक माघी पूर्णिमा मेला बीते एक फरवरी से प्रारंभ हुआ था. सात दिनों तक अविरल लगने वाला मेला का समापन समारोह छत्तीसगढ़ की मशहूर गायिका कविता वासनिक कृत “अनुराग धारा” की शानदार प्रस्तुति के बीच होगा. समापन समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में अमर अग्रवाल विधायक बिलासपुर,
अटल श्रीवास्तव विधायक कोटा, धर्मजीत सिंह, विधायक तखतपुर, रजनीश सिंह अध्यक्ष, सेवा सह, बैंक बिलासपुर, निरंजन पैकरा सभापति, जिला पंचायत बिलासपुर होंगे. वही विशिष्ट अतिथि भाजपा के जिला महामंत्री यश कुमार मनहर, जनक राम देवांगन, भाजपा मंडल के चारों अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद कश्यप, बजरंग जायसवाल, रामेश्वर सिंह राजपुत, भोजेश रजक, पंडित रमेश शर्मा संस्थापक मंगला गौरी मंदिर, गायत्री साहू जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा, सरोज दुर्गेश साहू अध्यक्ष नपा कोटा, समाजसेवी गीताराम धुर्वे और शीतल जायसवाल होंगे.
खाई में गिरी अनियंत्रित कार, 2 की मौत
मस्तुरी. क्षेत्र में रहने वाले चार युवक कार में सवार होकर कोरबा जिले के बालको बेला कछार बारात जाने के लिए निकले थे. रात को उनकी तेज रफ्तार कर उरगा प्लाजा टोल भारतमाला सड़क पर अनियंत्रित हो गई और सीधे खाई में गिर गई. दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले कार चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है.
जानकारी के अनुसार ग्राम किरारी निवासी राहुल राय 30 वर्ष पिता कन्हैयालाल राय, मस्तूरी निवासी ढोलू अग्रवाल 38 वर्ष पिता स्वर्गीय गजपद अग्रवाल, विराट अग्रवाल और भोलाराम नामक चार युवक शादी समारोह में शामिल होने कार क्रमांक सीजी 10 बीएफ 9922 में सवार होकर मस्तूरी से कोरबा के बालको थाना क्षेत्र के ग्राम बेला कछार बारात जाने के लिए निकले थे. बताया जाता है कि चारों युवक कर में सवार होकर भारतमाला सड़क से आ रहे थे. गुरुवार की देर रात लगभग 10 बजे के आसपास उरर्गा थाना क्षेत्र अंतर्गत परगट टोल प्लाजा के समीप पहुंचे थे कि उनकी तेज रफ्तार कार सीधे खाई पर जा गिरी. इस सड़क हादसे में कार की परखच्चे उड़ गए. घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार चारों युवकों को बाहर निकला गया और उन्हें उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत राहुल राय व ढोलू अग्रवाल को मृत घोषित कर दिया जबकि विराट और भोला राम नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है.
पुलिस ने मामले में राहुल राय और ढोलू अग्रवाल के शव को वैधानिक कार्यवाही के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले कार चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है.
एक दर्जन डीजे वाहनों पर कार्रवाई
बिलासपुर. एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को डीजे को जब्त करने और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पुलिस द्वारा शहर में ध्वनि प्रदूषण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन को देखते हुए डीजे वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान थाना सरकंडा क्षेत्र अंतर्गत मार्क हॉस्पिटल के पास तेज ध्वनि में डीजे बजाते पाए जाने पर, थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के तिफरा काली मंदिर के पास खड़े
डीजे वाहन क्रमांक सीजी 11, एबी-1940 और सीजी 10, बीएच-4895 के विरुद्ध नियम उल्लंघन पाए जाने पर, थाना सिविल लाइन क्षेत्र में राजीव गांधी चौक एवं रिंग रोड नंबर-2 के पास खड़ी दो डीजे गाड़ियों में साउंड सिस्टम वाहन से अधिक बाहर निकला हुआ तथा निर्धारित ऊंचाई से अधिक पाए जाने पर एवं थाना बिल्हा, मस्तूरी, हिरीं में भी नियम उल्लंघन पर करते पाए जाने पर डीजे वालों पर कार्रवाई की गई है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


